भुसावर से 70वीं राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए 57 खिलाड़ी रवाना
भुसावर के पी एम श्री जगन्नाथ पहाड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से 70वीं राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए 57 खिलाड़ी और 12 सदस्यीय शारीरिक शिक्षकों का दल रवाना हुआ। प्रतियोगिता 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगी।
तस्वीर में भुसावर स्थित स्कूल परिसर में राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले खिलाड़ी, शिक्षक और अधिकारी नजर आ रहे हैं।
भुसावर। शिक्षा विभाग की ओर से 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली 70वीं राज्य स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय छात्र-छात्रा वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भरतपुर जिले के भुसावर से पी एम श्री जगन्नाथ पहाड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की चार टीमों के 57 खिलाड़ी और 12 सदस्यीय शारीरिक शिक्षकों का दल रविवार को रवाना हुआ। अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शशिकांत पांडे, शारीरिक शिक्षक राजेश कुमार, व्याख्याता कपिल कुमार सहित कस्बे के नागरिकों ने खिलाड़ियों के दल को रवाना किया।
पी एम श्री जगन्नाथ पहाड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक एवं व्याख्याता राजेश कुमार ने बताया कि 17 एवं 19 वर्षीय छात्र-छात्रा क्रिकेट प्रतियोगिता में विद्यालय की चार टीमें भाग लेने के लिए रवाना हुई हैं। उन्होंने बताया कि 17 वर्षीय छात्र वर्ग की 70वीं राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता नागौर जिले के कुचेरा स्थित भव्य ब्राइट फ्यूचर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित होगी।
17 वर्षीय छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता चूरू जिले के सुजानगढ़ स्थित राजकीय पीसीबी उच्च माध्यमिक विद्यालय में होगी। इसी प्रकार 19 वर्षीय छात्र वर्ग की प्रतियोगिता बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित भंवरी देवी, सोहन राजकीय सेलेचा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में खेली जाएगी। वहीं 19 वर्षीय छात्रा वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता भीलवाड़ा के सेठ मुरलीधर मान सिंह राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित होगी।
भीलवाड़ा, नागौर के कुचेरा, बालोतरा के पचपदरा और चूरू के सुजानगढ़ में होने वाली इन राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए भरतपुर जिले के भुसावर स्थित जगन्नाथ पहाड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खिलाड़ियों को शिक्षा विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर क्रीड़ा प्रतियोगिता के कोच एवं शारीरिक शिक्षकों के दल के साथ रवाना किया गया। 70वीं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता 28 सितंबर सोमवार से 4 अक्टूबर तक आयोजित होगी।