CM भजनलाल शर्मा का बयाना दौरा: जनसभा और कार्यकर्ता सम्मेलन में होंगे शामिल
निकाय चुनाव के बाद पहली बार बयाना पहुंच रहे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यकर्ताओं से संवाद कर पंचायत चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
बयाना में कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी।
निकाय चुनाव के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज सोमवार को पहली बार बयाना पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे हरनगर मोड़ स्थित मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री के बयाना दौरे को निकाय चुनाव के बाद कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और आगामी पंचायत चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनसभा और कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर भाजपा संगठन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यकर्ताओं से संपर्क कर सम्मेलन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर संवाद करेंगे। पंचायत चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन की सक्रियता बढ़ाने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर भी चर्चा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। रविवार शाम कलेक्टर कमर चौधरी, संभागीय आयुक्त भरतपुर, एसपी राजेश मीणा, एडीएम राजीव शर्मा और जिला परिषद सीईओ मूदुल सिंह सहित अधिकारियों ने सभा स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने हेलीपैड, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा सभा स्थल पर आने-जाने वाले लोगों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री का यह दौरा निकाय चुनाव के बाद बयाना में भाजपा संगठन और प्रशासनिक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा।