भुसावर। वर्ष 2026 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत 10 अक्टूबर 2026 को न्यायालय परिसर भुसावर में आयोजित होगी। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और राजीनामा योग्य समस्त प्रकरणों के अधिक से अधिक निस्तारण को लेकर तालुका विधिक सेवा समिति भुसावर की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

तालुका विधिक सेवा समिति भुसावर के सचिव कन्नू जैन ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं राजीनामा योग्य समस्त प्रकरणों के सफल निस्तारण के लिए सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट भुसावर एवं तालुका विधिक सेवा समिति, भुसावर के अध्यक्ष श्री शशिकांत गुप्ता की ओर से बैठक आयोजित की गई।

बैठक में लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर चर्चा की गई। इनमें बैंकिंग सेक्टर, ऋण वसूली, पारिवारिक मुकदमे, प्री-लिटिगेशन एवं अन्य सभी प्रकार के राजीनामा योग्य प्रकरण शामिल रहे। बैठक में इन प्रकरणों के अधिक से अधिक निस्तारण को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

इस दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से सस्ता, सुलभ एवं शीघ्र न्याय दिलाया जा सकता है। आपसी सामंजस्य, सद्भाव और समझाइश के माध्यम से अधिक से अधिक पारिवारिक मुकदमों एवं अन्य प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जा सकता है। इससे पक्षकारों को परेशानी नहीं होगी और न ही अधिक खर्च वहन करना पड़ेगा।

इस अवसर पर बार संघ अध्यक्ष नवीन कुमार पांडे, चंद्रशेखर तिवारी, सुशील कुमार पांडे, प्रकाश चंद, महेश मीणा, सुरेंद्र चौधरी एवं अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे। 10 अक्टूबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में राजीनामा योग्य प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष जोर रहेगा।

Tags: