भरतपुर के ध्रुव इंदोलिया का राजस्थान अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन
वीनू मांकड़ ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों के लिए हुआ चयन; 8 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के खिलाफ खेलेगी राजस्थान टीम।
तस्वीर में भरतपुर के युवा क्रिकेटर ध्रुव इंदोलिया एक सादे बैकग्राउंड के सामने मुस्कुराते दिख रहे हैं।
भरतपुर। जिले के प्रतिभावान ओपनर बल्लेबाज एवं विकेटकीपर ध्रुव इंदोलिया का बीसीसीआई द्वारा 8 अक्टूबर से राजकोट, गुजरात में आयोजित की जा रही एक दिवसीय अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए राजस्थान की अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघन तिवारी ने बताया कि राजस्थान क्रिकेट संघ की जूनियर चयन समिति ने भरतपुर जिले के ध्रुव इंदोलिया का राजस्थान अंडर-19 टीम में शुरुआती दो मैचों के लिए चयन किया है। राजस्थान टीम का पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को मध्य प्रदेश से और दूसरा मैच 10 अक्टूबर को मणिपुर से होगा।
सचिव शत्रुघन तिवारी के अनुसार, पिछले दिनों राजस्थान क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता, चैलेंजर ट्रॉफी एवं कैंप में खेले गए मैचों में ध्रुव इंदोलिया के बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन किया गया है।
ध्रुव के राजस्थान अंडर-19 टीम में चयन की सूचना के बाद जिला क्रिकेट संघ के कार्यालय पर मिठाइयां बांटी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विष्णु लोहिया, उपाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा व राजकुमार जैन, संयुक्त सचिव अरुण कुमार गुप्ता व भरत तिवारी, कोषाध्यक्ष मुनेंद्र तिवारी तथा जिला क्रिकेट संघ के सदस्य नाहर सिंह, वीनू सिंह, त्रिलोकीनाथ शर्मा, राहुल लोहिया, रविंद्र कैमारिया, रूपेन्द्र मोहन, देवेंद्र सिंह कालू, बीनू सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला क्रिकेट संघ के चयनकर्ता नरेश खत्री, सूरज शर्मा, लंकेश सियाराम, प्रेम सिंह, पंकज गोयल तथा वरिष्ठ खेल पत्रकार संजीव चीनिया भी मौजूद रहे। ध्रुव इंदोलिया का चयन भरतपुर जिले के क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर के रूप में सामने आया है।