तस्वीर में बयाना अस्पताल परिसर के बाहर इकट्ठा हुई लोगों की भीड़ और कागजी कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं।   

बयाना सदर थाना क्षेत्र के खटनावली गांव में रविवार सुबह खेत पर काम करने गए 38 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। खेत में लगे एक पेड़ में विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था। पेड़ के संपर्क में आते ही युवक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के बाद परिजन युवक को गंभीर हालत में बयाना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान खटनावली निवासी चंद्रप्रकाश पुत्र शिवचरन शर्मा के रूप में हुई है। वह अपने पिता का इकलौता बेटा था।

सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

झील पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल जगमोहन मीणा के अनुसार, चंद्रप्रकाश सुबह खेत पर काम करने गया था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि खेत में लगे एक पेड़ में विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था। पेड़ के संपर्क में आने के बाद वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

चंद्रप्रकाश के परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं। दोनों बेटियों की उम्र करीब 6 और 4 वर्ष बताई गई है। इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने मर्ग दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने के साथ पुलिस अब करंट प्रवाहित होने के कारणों की जांच कर रही है।

Tags: