भरतपुर के कार्तिक, आकाश और चेतन का रणजी ट्रॉफी के लिए राजस्थान टीम में चयन
भरतपुर के कार्तिक शर्मा, आकाश सिंह और चेतन शर्मा का रणजी ट्रॉफी के लिए राजस्थान की 15 सदस्यीय टीम में चयन हुआ है। मोहित गुप्ता को सुरक्षित खिलाड़ी चुना गया है। राजस्थान का पहला मैच 11 अक्टूबर को तमिलनाडु से होगा।
तस्वीर में बाएं से दाएं क्रिकेटर चेतन शर्मा, कार्तिक शर्मा और आकाश सिंह नजर आ रहे हैं।
भरतपुर जिले के तीन क्रिकेट खिलाड़ियों कार्तिक शर्मा, आकाश सिंह और चेतन शर्मा का रणजी ट्रॉफी के लिए राजस्थान की 15 सदस्यीय सीनियर क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। बीसीसीआई द्वारा 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली रणजी ट्रॉफी के लिए राजस्थान की सीनियर चयन समिति ने टीम घोषित की है।
जिला क्रिकेट संघ सचिव शत्रुधन तिवारी ने बताया कि टीम में राइट हैंड मिडिल ऑर्डर बैट्समैन 21 वर्षीय कार्तिक शर्मा, लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर 23 वर्षीय आकाश सिंह और राइट हैंड फास्ट बॉलर 21 वर्षीय चेतन शर्मा को शामिल किया गया है। राजस्थान टीम का पहला मैच 11 अक्टूबर से तमिलनाडु राज्य की क्रिकेट टीम के खिलाफ एसएमएस स्टेडियम, जयपुर में खेला जाएगा।
सचिव ने बताया कि इन तीनों खिलाड़ियों के चयन के अलावा भरतपुर के तेज गेंदबाज मोहित गुप्ता को सुरक्षित खिलाड़ी के रूप में चुना गया है। कार्तिक शर्मा इससे पहले रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और टी-20 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए राजस्थान की टीमों में खेल चुके हैं। गत वर्ष आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।
वहीं, आकाश सिंह पिछले 5 वर्षों से लगातार आईपीएल में विभिन्न टीमों के साथ खेल रहे हैं। वह रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और टी-20 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी खेल चुके हैं। चेतन शर्मा अंडर-19 इंडिया और एशिया कप खेल चुके हैं तथा वर्तमान में अंडर-23 शेष भारत की टीम में खेल रहे हैं।
तीनों खिलाड़ियों के राजस्थान रणजी टीम में चयन पर जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के कार्यालय में मिठाई बांटकर खुशी जताई गई। पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को माला पहनाई और कार्तिक शर्मा, आकाश सिंह तथा चेतन शर्मा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विष्णु लोहिया, उपाध्यक्ष राजकुमार जैन और अजय कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव अरुण कुमार गुप्ता और भरत तिवारी, कोषाध्यक्ष मुनेन्द्र तिवारी, नाहर सिंह, वीनू सिंह, त्रिलोकनाथ शर्मा, विशाल तिवारी, देवेंद्र सिंह कालू, राहुल लोहिया तथा चयनकर्ता नरेश खत्री, सूरज शर्मा, लंकेश सियाराम, प्रेम सिंह और पंकज गोयल मौजूद रहे। वरिष्ठ खेल पत्रकार संजीव चिनिया, साथी खिलाड़ी और खेल प्रेमी भी उपस्थित थे। भरतपुर के तीन खिलाड़ियों का राजस्थान की 15 सदस्यीय टीम में चयन जिले के क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ियों और पदाधिकारियों के लिए प्रमुख उपलब्धि के रूप में सामने आया है।