तस्वीर में भुसावर नगर पालिका चुनाव के दौरान मतदान केंद्र के बाहर कतार में खड़े मतदाता दिख रहे हैं।

भुसावर नगर पालिका के 25 वार्ड पार्षद पदों के लिए बुधवार को नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव में 84.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम मशीनों को पुलिस सुरक्षा के बीच जगन्नाथ पहाड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया। अब 14 सितंबर को होने वाली मतगणना में 143 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा।

राजस्थान में नगर निकाय के प्रथम चरण के चुनाव के तहत भुसावर नगर पालिका के 25 वार्ड पार्षद पदों पर मतदान कराया गया। निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इन चुनावों में कुल 143 प्रत्याशियों ने अपना भाग्य आजमाया। इनमें बीजेपी के सात और कांग्रेस के पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहे, जबकि शेष 131 प्रत्याशी निर्दलीय हैं। नगर पालिका के वार्ड पार्षद पद के लिए कांग्रेस एवं बीजेपी की ओर से दोनों दलों के कुल 12 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा।

143 प्रत्याशियों में 66 महिलाएं और 77 पुरुष शामिल हैं। भुसावर नगर पालिका क्षेत्र में कुल 14,800 मतदाता हैं, जिनमें से 12,450 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। वहीं, 2,350 मतदाताओं ने मतदान नहीं किया। इस तरह भुसावर में कुल 84.12 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन कार्य में शामिल पीजी पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से मतदान में इस्तेमाल की गई ईवीएम मशीनों को पुलिस सुरक्षा के बीच जगन्नाथ पहाड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया।

भुसावर नगर पालिका चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में होगी। मतगणना के बाद 25 वार्डों के लिए चुनाव मैदान में उतरे सभी 143 प्रत्याशियों के परिणाम स्पष्ट होंगे।

Tags: