तस्वीर में मतदाता भुसावर में मतदान केंद्र के बाहर कतार में खड़े हैं।

भरतपुर जिले की भुसावर नगर पालिका में नगर निकाय के प्रथम चरण के चुनाव बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुए। सुबह सात बजे सभी 25 मतदान केंद्रों पर मॉक ड्रिल के बाद 25 वार्ड पार्षद पदों के लिए मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्रों पर फिलहाल मतदाताओं की रफ्तार धीमी है, हालांकि दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है।

भुसावर नगर पालिका के 25 वार्ड पार्षद पदों के लिए कुल 143 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला नगर पालिका के कुल 14,800 मतदाता करेंगे। इनमें 6,936 महिला मतदाता और 7,864 पुरुष मतदाता हैं।

नगर पालिका के वार्ड पार्षद पद के चुनाव में सात बीजेपी और पांच कांग्रेस के प्रत्याशी हैं, जबकि शेष 131 निर्दलीय प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। कुल 143 प्रत्याशियों में 66 महिला प्रत्याशी और 77 पुरुष प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद महिला और पुरुष मतदाता अपनी वोटर आईडी लेकर रंग-बिरंगे परिधान में मतदान केंद्रों पर पहुंचते रहे। सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्वक मतदान जारी है और सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत और भुसावर पुलिस उपाधीक्षक नीरज शर्मा पुलिस जाप्ते के साथ लगातार मतदान केंद्रों का जायजा ले रहे हैं और निगरानी बनाए हुए हैं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रख रहे हैं।

भुसावर नगर पालिका के वार्ड पार्षद पद के चुनाव में अभी मतदान केंद्रों पर महिला और पुरुष मतदाताओं की संख्या कम दिखाई दे रही है। सुबह से शुरू हुए मतदान के शुरुआती दौर में रफ्तार धीमी रही, जबकि दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ दिखाई दे सकती है।

भुसावर नगर पालिका क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे तक 20.61 प्रतिशत मतदान हो चुका है। शांतिपूर्ण मतदान के बीच अब दोपहर बाद बढ़ने वाली मतदाताओं की भीड़ और मतदान प्रतिशत पर नजर रहेगी।

Tags: