बयाना में छह दिन से पेयजल सप्लाई ठप, कई इलाकों में गहराया पानी का संकट
बयाना में पिछले छह दिनों से पेयजल सप्लाई बाधित है। भीतरी बाड़ी, भटनागर गली, बक्सरिया गली सहित कई इलाकों में संकट गहरा गया है। लोग पैसे देकर पानी मंगाने को मजबूर हैं और आंदोलन की चेतावनी दी है।
तस्वीर में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग बयाना का कार्यालय नजर आ रहा है.
बयाना कस्बे में पिछले करीब छह दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। भीतरी बाड़ी, भटनागर गली, बक्सरिया गली, जैन गली, लाल दरवाजा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं होने से पेयजल संकट गहरा गया है।
पानी की व्यवस्था के लिए स्थानीय लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई लोग अपनी जरूरत पूरी करने के लिए पैसे देकर निजी टैंकरों या अन्य साधनों से पानी मंगाने को मजबूर हैं। लंबे समय से सप्लाई बाधित रहने के कारण लोगों में जलदाय विभाग के प्रति नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।
भीतरी बाड़ी निवासी सुरेश शर्मा ने बताया कि श्याम को पिछले छह दिन से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। इससे क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं और पानी की व्यवस्था के लिए उन्हें अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कस्बे में कुंडा स्थित हुडको पंप से पानी की सप्लाई होती है, लेकिन फिलहाल यहां से होने वाली आपूर्ति बाधित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद जलदाय विभाग के अधिकारी इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जलदाय विभाग से जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन आंदोलन किया जाएगा। छह दिनों से जारी जलापूर्ति बाधित होने से प्रभावित इलाकों में पेयजल व्यवस्था को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है।