डीग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच पर अतिथि प्रवीणा बहन को सम्मानित करते लोग।

डीग में श्री लोहागढ़ साहित्य एवं समाज सेवा समिति का छठवां स्थापना दिवस मेला मैदान स्थित निजी मैरिज होम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के साथ जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी और सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से पधारी प्रवीणा बहन थीं, जबकि अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य डॉक्टर महेंद्र सिंह ने की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में गंगापुर सिटी से आए प्रोफेसर डॉक्टर रमेश चंद्र वर्मा, डॉक्टर राजेंद्र सिंह चौधरी, डॉक्टर राघवेंद्र सिंह फौजदार एवं डॉ निर्मल फौजदार मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां शारदे के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद बाल कवयित्री सौम्या खंडेलवाल ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में छह राज्यों से आए कवियों ने कविता पाठ किया। इटावा से तौकीर कमर, मध्य प्रदेश से मांगीलाल मरमिट एवं लाल सिंह किराड, कोटा से आनंद हजारी, आगरा से अंशु छोड़कर, वंदना तिवारी एवं मीना कुमारी शर्मा, मथुरा से डा.नीतू गोस्वामी, डॉक्टर रेनू उपाध्याय तथा सूरज बेनीवाल, दिल्ली से भगवान बृजवासी, पलवल से देशराज चौधरी और लुधियाना पंजाब से महावीर प्रसाद ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।

भरतपुर से श्याम सिंह जघीना, डॉक्टर मोहकम सिंह, अशोक धाकरे, डॉ लोकेश सिंघल, नरेंद्र निर्मल एवं डॉक्टर लोकेंद्र शर्मा, धौलपुर से प्रेम प्रसून एवं रजनी शर्मा, हाथरस से वीरेंद्र पाठक, नगर से अभिषेक अमर एवं हरिश्चंद्र हरि, कामवन से गोविंद सिंह, दुलीचंद लोधा एवं नानकचंद नवीन तथा डीग से शिवन्या अग्रवाल, सौम्या खंडेलवाल, उमेश पाराशर, श्रुति कुमारी, वैष्णवी कुसुमाकर, धर्मेश चाहर एवं समिति के संस्थापक अध्यक्ष कवि चंद्रभान चंद्र ने कविताएं सुनाकर खूब वाहवाही लूटी।

समारोह में संस्था के महामंत्री भगवान शरण गुप्ता ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस मौके पर 101 जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी वितरित की गई, जबकि पांच सिलाई मशीनें भी बांटी गईं। कार्यक्रम का संचालन संस्थापक अध्यक्ष कवि चंद्रभान वर्मा चंद्र एवं श्याम सिंह जघीना ने किया। साहित्यिक आयोजन और सेवा कार्यों के साथ समिति का छठवां स्थापना दिवस संपन्न हुआ।

Tags: