भुसावर में जर्जर टेलीफोन खम्भा सड़क पर झुका, हादसे का बढ़ा खतरा
भुसावर के हिंण्डौन सड़क मार्ग पर यूको बैंक के पास और गुजरमल धर्मशाला सड़क मार्ग पर जर्जर टेलीफोन खम्भा एक तरफ झुका हुआ है। बिजली के तारों के सहारे खड़े इस खम्भे से हादसे का खतरा बढ़ गया है।
तस्वीर में भरतपुर के भुसावर में सड़क किनारे एक जर्जर और झुका हुआ टेलीफोन का खंभा दिखाई दे रहा है, जिसके पास दुकानें और एक वाहन खड़ा है।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर में हिंण्डौन सड़क मार्ग स्थित यूको बैंक के पास और गुजरमल धर्मशाला सड़क मार्ग पर एक टेलीफोन का खम्भा पिछले काफी समय से खराब और जर्जर स्थिति में है। खम्भा नीचे से पूरी तरह गल चुका है और एक तरफ काफी झुक गया है।
टेलीफोन के इस खम्भे के ऊपर से गुजरने वाले बिजली के तारों ने इसे संभाल रखा है। यह सड़क शहर का मुख्य मार्ग है, जहां से रोजाना स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में खम्भे की मौजूदा स्थिति के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है।
तेज बारिश और हवा होने पर टेलीफोन के इस खम्भे के गिरने का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खम्भे को जल्द से जल्द बदलवाने या ठीक करवाने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।