भुसावर में गोवर्धन पूजा पर आयोजित अन्नकूट महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसादी बांटी गई।

भुसावर। गोवर्धन पूजा के अवसर पर भुसावर में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न मंदिरों में ठाकुर जी एवं हनुमान जी को पांच क्विंटल सामग्री से तैयार अन्नकूट प्रसादी का भोग लगाया गया। मंदिरों में दर्शन और प्रसादी ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने कढ़ी, बाजरा, गुड़ और सब्जी की प्रसादी ग्रहण कर भजनों पर नृत्य करते हुए भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

आमतौर पर दीपावली (दीपोत्सव) का पर्व पांच दिनों तक मनाया जाता है, लेकिन पिछले साल की तरह इस बार 2026 में भी दीपावली का उत्सव छह दिनों तक नजर आया। इसी क्रम में भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर में 10 नवंबर मंगलवार को गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर विभिन्न मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव आयोजित किए गए।

हिण्डौन सड़क मार्ग स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में भक्त मंडल के सहयोग से अन्नकूट प्रसादी का आयोजन हुआ। इसके साथ ही चौर का मंदिर, बरपाड़ा कॉलोनी स्थित चतुर्भुज जी मंदिर परिसर और सीताराम जी मंदिर प्रांगण सहित विभिन्न मंदिरों में ठाकुर जी एवं हनुमान जी को अन्नकूट का भोग लगाया गया। इसके बाद प्रसादी श्रद्धालुओं में वितरित की गई।

इस दौरान मंदिरों में पहुंचे भक्तों के साथ आने-जाने वाले राहगीरों ने भी ठाकुर जी के दर्शन किए और कढ़ी, बाजरा, गुड़ एवं सब्जी की प्रसादी ग्रहण की। मंदिर परिसरों में डीजे पर बज रहे भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने नृत्य कर अपनी हाजिरी लगाई और महोत्सव का आनंद लिया।

श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष अपनी मनोकामनाएं रखते हुए परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि तथा क्षेत्र में खुशहाली की कामना की। अन्नकूट महोत्सव के दौरान मंदिरों में उमड़ी भीड़ और सामूहिक प्रसादी वितरण ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक उल्लास को दर्शाया।

Tags: