भरतपुर। दीपावली पर पटाखा सामग्री तैयार करने के लिए गंधक और पोटाश की पिसाई करना चार बच्चों के लिए भारी पड़ गया। हलैना थाना क्षेत्र के गांव मोलोनी में गंधक-पोटाश पीसते समय अचानक हुए जोरदार धमाके में चार बच्चे झुलस गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों में एक बच्चे की हालत को देखते हुए उसे जयपुर रेफर किया गया है, जबकि तीन का भरतपुर में उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपावली के दिन गांव मोलोनी में चार बच्चे पटाखा सामग्री तैयार करने के लिए गंधक और पोटाश पीस रहे थे। इसी दौरान मिश्रण की पिसाई करते समय अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना अचानक हुआ कि उसकी चपेट में आने से गिरधर पुत्र लखन सिंह, पंकज पुत्र जगराम सिंह, मोहित पुत्र राजेश सिंह एवं चिराग पुत्र सोनू सिंह झुलस गए।

घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण चारों घायलों को उपचार के लिए हलैना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद चिकित्सकों ने लखन सिंह को बेहतर उपचार के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेज दिया। शेष तीन घायलों का भरतपुर में उपचार चल रहा है।

गांव मोलोनी में हुआ यह हादसा दीपावली पर पटाखा सामग्री तैयार करने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही और विस्फोटक पदार्थों के साथ बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है। गंधक-पोटाश की पिसाई के दौरान हुए धमाके ने चार परिवारों को चिंता में डाल दिया।

Tags: