अंता के शोकाकुल परिवार की मदद को आगे आई समिति, अस्थि विसर्जन के लिए दिए ₹5,100
अंता में आर्थिक अभाव से अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार नहीं जा पा रहे परिवार की समिति ने ₹5,100 देकर मदद की और रवाना किया।
तस्वीर में बारां में शोकाकुल परिवार को सहायता राशि देते समिति के पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
बारां जिले के अंता शहर में आर्थिक अभाव के चलते अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जाने में असमर्थ शोकाकुल परिवार की सहायता के लिए स्व. श्री ओमप्रकाश व्यास मानव सेवार्थ समिति बारां आगे आई। समिति के पदाधिकारियों ने परिवार को ₹5,100 की सहयोग राशि प्रदान कर उन्हें अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार रवाना किया।
स्वर्गीय श्री ओम प्रकाश व्यास माधव सेवार्थ समिति बारां (चैरिटेबल) के प्रवक्ता दिनेश शर्मा ने बताया कि शनिवार प्रातः समिति को सूचना मिली कि अंता शहर में एक माता के निधन के बाद उनके अस्थि विसर्जन के लिए परिजनों के पास पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं है। आर्थिक स्थिति के कारण परिवार हरिद्वार जाने में असमर्थ था। सूचना मिलने के बाद समिति के सदस्यों ने सहयोग की पहल की और अंता पहुंचकर पीड़ित परिवार को नगद राशि भेंट की।
इससे पहले समिति की ओर से सहयोग की मुहिम चलाकर आवश्यक राशि एकत्रित की गई, ताकि आर्थिक अभाव के कारण दिवंगत माता के अंतिम संस्कार से जुड़ी आवश्यक धार्मिक क्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। समिति का अंता प्रतिनिधि मंडल प्रदीप जैन, कुलदीप नामा, अतुल पांचाल, हरिप्रकाश गुर्जर एवं एड. देशराज के नेतृत्व में शोकाकुल परिवार के घर पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल ने समिति की ओर से ₹5,100 की सहयोग राशि परिवार को समर्पित की।
इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिवार को अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार रवाना किया गया।
प्रवक्ता दिनेश शर्मा ने कहा कि अंतिम संस्कार एवं अस्थि विसर्जन जैसी संवेदनशील परिस्थितियों में आर्थिक अभाव किसी परिवार के लिए अतिरिक्त पीड़ा का कारण नहीं बनना चाहिए। समिति का प्रयास है कि जरूरत के समय समाज के सहयोग से ऐसे परिवारों के साथ खड़ा हुआ जाए और उन्हें यह एहसास कराया जाए कि कठिन समय में समाज उनके साथ है।
समिति के संयोजक अंशुल व्यास ने कहा कि समिति का मूल उद्देश्य केवल सेवा कार्यों तक सीमित न होकर जरूरतमंद व्यक्ति के सुख-दुःख में सहभागी बनना और मानवता के आधार पर यथासंभव सहयोग प्रदान करना है। इसी भावना के साथ समिति द्वारा सूचना प्राप्त होते ही सहयोग की पहल की गई।
समिति ने सहयोग करने वाले सभी सेवाभावी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से ही ऐसे मानवीय सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा सकता है।
समिति की ओर से दिवंगत पुण्यात्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई और ईश्वर से प्रार्थना की गई कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।