तस्वीर  में बारां में गौ एम्बुलेंस सेवा के शुभारंभ के दौरान एकत्रित लोग नजर आ रहे हैं।

बारां में अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर शुक्रवार को घायल गोवंश के रेस्क्यू के लिए ‘गौ एम्बुलेंस’ सेवा की शुरुआत की गई। श्री वासुदेव गौसेवा समिति की ओर से जनसहयोग से शुरू की गई इस सेवा का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं या अन्य कारणों से घायल होने वाले गोमाता और नंदी महाराज को समय पर रेस्क्यू कर उपचार स्थल तक पहुंचाना है। सेवा के शुभारंभ के अवसर पर शहर में भव्य गौ एम्बुलेंस यात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में गौसेवकों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

गौ एम्बुलेंस सेवा के शुभारंभ से पहले अटरू रोड स्थित मंशापूर्ण गणेशजी मंदिर में आचार्य परमानंद एवं निर्मलदास सहित अन्य संतों के सान्निध्य में विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार किया गया। इसके बाद गौ एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई गई। इस अवसर पर सैंकडों गौभक्त एवं भामाशाह उपस्थित रहे।

शुभारंभ के बाद गौ एम्बुलेंस यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली। यात्रा मंशापूर्ण गणेशजी मंदिर से रवाना होकर अंबेडकर सर्किल, दीनदयाल पार्क, प्रताप चैक, अस्पताल रोड और कोटा रोड होते हुए झालावाड़ रोड स्थित राम जानकी मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर गोसेवा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

श्री वासुदेव गौसेवा समिति के अध्यक्ष गौरव शर्मा निमोदा ने बताया कि शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं या अन्य कारणों से घायल होने वाले गोवंश के रेस्क्यू में सबसे बड़ी बाधा समय पर साधन यानी वाहन का उपलब्ध नहीं होना था। विशेषकर रात्रि के समय वाहन नहीं मिलने के कारण घायल गोवंश को त्वरित उपचार के लिए अस्पताल या सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना बेहद कठिन हो जाता था। कई बार समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिलने के कारण गोवंश की जान तक चली जाती थी।

उन्होंने बताया कि अब समर्पित ‘गौ एम्बुलेंस’ के शुरू होने से दुर्घटनाग्रस्त, बीमार और घायल गोवंश को मौके से तुरंत रेस्क्यू कर समय पर उपचार स्थल तक पहुंचाना संभव हो सकेगा। इससे रात्रि के समय वाहन उपलब्ध नहीं होने की समस्या से भी राहत मिलेगी।

समिति अध्यक्ष ने बताया कि यह गौ एम्बुलेंस किसी एक व्यक्ति या संस्था का प्रयास नहीं, बल्कि आमजन के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। इस कार्य के लिए शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों, गौसेवकों और दानदाताओं ने खुलकर आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। समिति ने इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी डोनर्स और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

गौसेवकों का मानना है कि गौ एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध होने से शहर में रेस्क्यू कार्यों को अभूतपूर्व गति मिलेगी और बेसहारा व मूक प्राणियों को समय पर जीवनदान मिल सकेगा।

Tags: