शतायु जन्मदिवस पर शिवनारायण नागर ने चुनी मानव सेवा की राह, जरूरतमंदों को बांटी खिचड़ी
बारां में शिवनारायण नागर के 100वें जन्मदिवस पर मानव सेवा का आयोजन हुआ। जरूरतमंदों को खिचड़ी, फल और बिस्किट वितरित किए गए।
तस्वीर में बारां में शिवनारायण नागर के 100वें जन्मदिवस पर आयोजित समारोह में लोग नजर आ रहे हैं।
बारां में कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता, पूर्व विधायक एवं बारां जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शिवनारायण नागर के 100वें जन्मदिवस के अवसर पर पीड़ित मानव की सेवा को समर्पित सेवा कार्य आयोजित किया गया। इस अवसर को जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य के रूप में मनाया गया।
स्व. श्री ओमप्रकाश व्यास मानव सेवार्थ समिति बारां (चैरिटेबल) के माध्यम से जरूरतमंद एवं पीड़ित लोगों के लिए खिचड़ी, फल एवं बिस्किट का वितरण किया गया। सेवा कार्य के दौरान उपस्थित सेवासाथियों ने कहा कि किसी भी शुभ अवसर को जरूरतमंदों की सेवा से जोड़ना समाज के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाता है। शतायु जन्मदिवस जैसे विशेष अवसर पर मानव सेवा के माध्यम से खुशियां साझा करने से सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना मजबूत होती है।
समिति द्वारा ‘नर सेवा ही नारायण सेवा है’ के भाव के साथ निरंतर अस्पताल सेवा, भोजन वितरण, जीव दया एवं अन्य सेवा कार्य संचालित किए जा रहे हैं। इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री शिवनारायण नागर के 100वें जन्मदिवस को भी पीड़ित मानव की सेवा के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम में सिद्धार्थ नागर, भरत शर्मा, अंशुल व्यास, मनोज शर्मा, दिनेश शर्मा, हरीमोहन गोयल, हार्दिक शर्मा, शशांक शर्मा, दीपेश गर्ग सहित अन्य सेवासाथी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समिति की ओर से शिवनारायण नागर को शतायु जन्मदिवस की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई। इस अवसर को सेवा कार्य से जोड़ने वाले सभी सहयोगियों एवं सेवासाथियों का संयोजक अंशुल व्यास सहित सभी पदाधिकारियों द्वारा आभार व्यक्त किया गया।