बारां में धूमधाम से हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह, महिलाओं ने निभाई विवाह की सभी रस्में
| बारां में देवउठनी एकादशी पर अखिल भारतीय अग्रवाल महिला जिला संगठन की ओर से तुलसी-शालिग्राम विवाह आयोजित किया गया। हल्दी, मेहंदी, वरमाला, कन्यादान और विदाई की रस्मों में महिलाओं ने श्रद्धा के साथ भाग लिया।
बारां में तुलसी विवाह समारोह के दौरान ढोलक के साथ भजन गाती हुई अग्रवाल संगठन की महिलाएं दिख रही हैं।
बारां में देवउठनी एकादशी के अवसर पर तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। अखिल भारतीय अग्रवाल महिला जिला संगठन की बारां इकाई की ओर से आयोजित इस समारोह में महिलाओं ने हल्दी, मेहंदी, वरमाला और कन्यादान सहित विवाह की सभी रस्में निभाईं। मंगल गीतों और भजनों के बीच पूरा आयोजन धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्तिक मास में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। इसी परंपरा के तहत अखिल भारतीय अग्रवाल महिला जिला संगठन इकाई बारां ने अध्यक्षा नीतू गुप्ता के कार्यकाल एवं सानिध्य में तुलसी विवाह का आयोजन किया। कार्यक्रम मंजू सुरेश बंसल के निजी आवास, दीनदयाल पार्क में श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित हुआ।
समारोह की शुरुआत हल्दी की रस्म से हुई। इस दौरान महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए तुलसी माता को हल्दी लगाई। इसके बाद मेहंदी की रस्म निभाई गई, जिसमें संगठन की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विवाह समारोह के तहत भगवान शालिग्राम जी की भव्य निकासी निकाली गई। पारंपरिक विवाह की तरह वरमाला की रस्म भी संपन्न कराई गई।
इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ तुलसी माता एवं भगवान शालिग्राम जी का विवाह संपन्न हुआ। आयोजन में संगठन की सभी महिलाओं ने विशेष भागीदारी निभाई। महिलाओं ने कन्यादान की रस्म के तहत तुलसी माता को विभिन्न उपहार भेंट किए और श्रद्धाभाव से विवाह की परंपराओं का निर्वहन किया। विवाह के बाद तुलसी माता की विधिवत विदाई भी की गई।
इस दौरान मंगल गीतों और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। अध्यक्षा नीतू गुप्ता ने कहा कि तुलसी विवाह धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने के साथ महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता की भावना भी मजबूत होती है।