बारां कोतवाली पुलिस ने जिला अस्पताल नर्सिंगकर्मी से मारपीट के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।  

बारां के जिला अस्पताल में ड्यूटी के दौरान नर्सिंगकर्मी के साथ मारपीट करने, उसे वार्ड से बाहर खींचने और गाड़ी में डालने का प्रयास करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 15 नवंबर की रात हुई इस घटना में आरोपियों ने नर्सिंगकर्मी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।

बारां पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के अनुसार, परिवादी कुलदीप नागर राजकीय चिकित्सालय बारां में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। 15 नवंबर की रात उनकी आपातकालीन वार्ड में ड्यूटी थी। इसी दौरान सुनील वाल्मीकि अपनी पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचा था। डॉक्टर के निर्देश पर नर्सिंग ऑफिसर कार्तिक नागर ने मरीज को इंजेक्शन लगाया।

आरोप है कि कुछ देर बाद सुनील वाल्मीकि अपने चार-पांच साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा और नर्सिंगकर्मी कुलदीप नागर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उन्हें वार्ड से बाहर खींच लिया और गाड़ी में डालने का प्रयास किया। इस दौरान नर्सिंगकर्मी को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद अस्पताल में ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्यकर्मी के साथ मारपीट और राजकार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवारी के निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक रोहिताश्व देवंदा के सुपरविजन तथा कोतवाली थाना अधिकारी हीरालाल पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हेमंत कुमार उर्फ सुनील वाल्मीकि (29 वर्ष), निवासी बारां को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे का अनुसंधान कर रही है। जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में ड्यूटी के दौरान नर्सिंगकर्मी के साथ हुई मारपीट और उसे जबरन गाड़ी में डालने के प्रयास की घटना ने अस्पतालों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा का मुद्दा फिर चर्चा में ला दिया है।

Tags: