बारां में अग्रवाल महिला संगठन ने मनाया आंवला नवमी महोत्सव
| निजी फार्म हाउस में पूजा, खेल और अन्नकूट के जरिए महिलाओं में सौहार्द और सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ावा दिया गया।
बारां के निजी फार्म हाउस में आंवला नवमी महोत्सव के दौरान सामूहिक अन्नकूट व खेलों में शामिल महिलाएं।
बारां। आंवला नवमी के पावन अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल महिला जिला संगठन इकाई बारां की ओर से धार्मिक आस्था, पारंपरिक उल्लास और आपसी सौहार्द के बीच आंवला नवमी महोत्सव मनाया गया। अध्यक्षा नीतू गुप्ता के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन क्लब सदस्य आशा गुप्ता के निजी फार्म हाउस पर हुआ। अध्यक्षा नीतू गुप्ता ने आंवला नवमी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय संस्कृति में इस पर्व का विशेष स्थान है। कार्यक्रम की आयोजनकर्ता दमयंती बंसल, सुनीता बंसल, गीता गोयनका, डोली गर्ग एवं मधु गोयल रहीं।
महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजन के साथ मनोरंजक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें ‘बैलून उठाओ, गिलास जमाओ’ गेम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतियोगिता में आशा गुप्ता ने प्रथम, प्रियंका गुप्ता ने द्वितीय और नीतू बंसल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कोषाध्यक्ष हेमलता गर्ग एवं बबली अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के उपलक्ष्य में सामूहिक अन्नकूट का आयोजन भी किया गया। इसमें सभी महिलाओं ने एक साथ बैठकर सामूहिक भोजन किया। धार्मिक पूजा, मनोरंजक खेलों और सामूहिक अन्नकूट के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता और आपसी प्रेम-सौहार्द का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर नीशा बंसल, शोभा बंसल, सुनीला अग्रवाल, आरती जिंदल, ममता गोयल, ऊषा गोयल (सांगोद), प्रियंका गुप्ता, अनीता मंगल, लक्ष्मी अग्रवाल, गायत्री बंसल, लक्ष्मी बंसल, चंचल मित्तल, नीशा गोयनका, शकुंतला गोयल, बबिता बंसल, आशा गोयल, प्रियंका गोयल, ऊषा निरंजन गोयल, रेखा अग्रवाल, शीला गोयल, नमक और माया गोयनका सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। धार्मिक परंपराओं, प्रतियोगिताओं और सामूहिक अन्नकूट के साथ आंवला नवमी महोत्सव हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।