बारां के हॉकी खिलाड़ी हरि नारायण सिंह जालंधर में राष्ट्रीय टूर्नामेंट खेलेंगे
| इकबाल सिंह संधू के निमंत्रण पर हिस्सा लेंगे, 13 शीर्ष टीमें उतरेंगी और विजेता को 6 लाख रुपये मिलेंगे; बारां के खेल जगत ने इसे उपलब्धि बताया।
हरि नारायण सिंह 22-28 नवंबर को जालंधर में होने वाली सुरजीत हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
बारां। राष्ट्रीय हॉकी में अपनी पहचान रखने वाले बारां के खिलाड़ी हरि नारायण सिंह अब जालंधर में आयोजित होने वाली देश की प्रमुख घरेलू हॉकी प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। आगामी 22 से 28 नवंबर तक पंजाब के जालंधर में आयोजित होने वाली ओलंपियन सुरजीत सिंह इंडियन ऑयल सर्वो हॉकी प्रतियोगिता में उनकी सहभागिता रहेगी।
राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं जिला ओलंपिक संघ बारां के सचिव हरि नारायण सिंह ने बताया कि ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी अकादमी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इकबाल सिंह संधू के निमंत्रण पर उन्हें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का हिस्सा बनने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि ओलंपियन सुरजीत सिंह रंधावा की स्मृति में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता देश की महत्वपूर्ण घरेलू हॉकी प्रतियोगिताओं में शामिल है।
इस प्रतियोगिता में देश की शीर्ष 13 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 6 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा दर्शकों को भी एक आल्टो कार जीतने का मौका मिलेगा। हरि नारायण सिंह ने बताया कि वह प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 21 नवंबर को जालंधर रवाना होंगे।
हरि नारायण सिंह के इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी प्रतियोगिता का हिस्सा बनने पर बारां के विभिन्न खेल संगठनों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की है। इनमें अजीत सिंह चौहान, महेश त्यागी, महेश गौत्तम, महावीर जैन, असलम भारती, रूपचंद सिंगावत, प्रशांत पाटनी, बृजराज किशोर शर्मा, प्रियदर्शन शर्मा और अनोज शर्मा शामिल हैं।
इसके साथ ही हॉकी बारां एवं ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र शर्मा बाबा और बालमुकुंद कलवार, भारोत्तोलन संघ के मूलचंद शर्मा, थ्रोबॉल के कुशलपाल प्रजापति, जिला खेल अधिकारी विशाल सिंह, क्रिकेट संघ के अभिनव जैन, भारत-तिब्बत सहयोग मंच के प्रांतीय प्रचार प्रमुख राजेंद्र शर्मा, साइकिल संघ के अंकित खंडेलवाल तथा भारतमाता फिजिकल कॉलेज के अरमान मलिक ने भी खुशी जाहिर की है। जालंधर में होने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हरि नारायण सिंह की सहभागिता बारां के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।