छीपाबड़ौद में विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत की तीन दिवसीय प्रांतीय बैठक की वंदना सभा में शामिल पदाधिकारी।

बारां/छीपाबड़ौद। अमृत काल में नशामुक्त समाज की स्थापना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का आधार बनाने के उद्देश्य से विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की तीन दिवसीय प्रांतीय बैठक आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, केलाखेड़ी छीपाबड़ौद में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, शिक्षा की गुणवत्ता, नशामुक्ति और सक्षम कार्यकर्ता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री गोविंद कुमार, क्षेत्र कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह शेखावत, प्रांत निरीक्षक नवीन कुमार झा, प्रांत सचिव मानेंग पटेल एवं जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस दौरान अमृत काल में समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए नशे के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर विशेष चर्चा की गई।


इसके साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, उत्कृष्ट विद्यालयों का निर्माण और विद्यालयों के माध्यम से समाज को नेतृत्व प्रदान करने जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यकर्ताओं के गुण विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण, संगठनात्मक कार्यक्षमता, दायित्वों के प्रभावी निर्वहन, नए कार्यकर्ताओं के निर्माण तथा संगठनात्मक कार्यों के प्रति समर्पण पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि कार्यकर्ता का व्यक्तित्व, व्यवहार, विचार और कार्यशैली ही संगठन की पहचान होते हैं। इसलिए निरंतर स्वाध्याय, प्रशिक्षण, प्रवास और आत्ममूल्यांकन के माध्यम से कार्यकर्ताओं का सर्वांगीण विकास आवश्यक है।

जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा एवं संस्था प्रधान हरि सिंह गोचर ने बताया कि बैठक का प्रमुख उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नशामुक्त समाज, उत्कृष्ट विद्यालय और सक्षम कार्यकर्ता निर्माण के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के उत्थान में संगठन की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

तीन दिवसीय बैठक के दौरान सभी प्रवासी कार्यकर्ताओं के लिए विद्यालय के आध्यात्मिक वातावरण में संगीतमय वन्दना सभा और विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। विद्यालय के बाल कलाकारों ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उपस्थित कार्यकर्ता प्रफुल्लित एवं भावविभोर हो उठे।

अंत में आभार व्यक्त किया गया और राष्ट्रगान के साथ विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की प्रांतीय बैठक का समापन हुआ। बैठक में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक दायित्वों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में कार्यकर्ताओं की भूमिका को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

Tags: