बारां में निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की मैराथन बैठकें, गजेंद्र सिंह पटेल ने दिया जीत का मंत्र
बारां में नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की मैराथन बैठकें हुईं। राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने बूथ संगठन मजबूत करने का मंत्र दिया, जबकि पार्षद प्रत्याशियों को जनसंपर्क और चुनाव कार्यालय शुरू करने के निर्देश दिए गए।
तस्वीर में एक व्यक्ति कोटा रोड स्थित सांसद कार्यालय में आयोजित बैठक में माइक पर संबोधित करते हुए नजर आ रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग बैठे हुए हैं।
बारां। नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए मंगलवार को कोटा रोड स्थित सांसद कार्यालय पर दिनभर मैराथन बैठकों का दौर चलाया। बैक-टू-बैक हुई बैठकों में बूथ स्तर से लेकर जनसंपर्क अभियान तक की रणनीति पर मंथन किया गया और पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल, संभागीय सह प्रभारी अजीत मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, संगठन जिला प्रभारी मोहनराज उपाध्याय, नगर परिषद चुनाव प्रभारी आरके मेहता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र नागर ने अलग-अलग बैठकों के माध्यम से चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठकों में राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने नगर निकाय चुनाव प्रभारियों, चुनाव प्रबंधन समिति एवं जिला पदाधिकारियों से वार्डवार तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत का मंत्र देते हुए संगठन की ताकत को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसलिए प्रत्येक बूथ को मजबूत करने के साथ शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं पन्ना प्रमुखों को पूरी तरह सक्रिय किया जाए।
गजेंद्र सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।
पार्षद प्रत्याशियों को जनसंपर्क तेज करने के निर्देश
इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, जिला प्रभारी मोहनराज उपाध्याय एवं विधायक राधेश्याम बैरवा, शहर अध्यक्ष ओपी पारेता ने नगर परिषद के पार्षद प्रत्याशियों की बैठक ली। बैठक में आगामी चुनावी गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पार्षद प्रत्याशियों को अपने-अपने वार्डों में तत्काल प्रभाव से जनसंपर्क अभियान शुरू करने, मतदाताओं से संवाद बढ़ाने तथा वार्ड में चुनाव कार्यालय स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए गए।
मंगलवार को सांसद कार्यालय पर हुई इन बैठकों में भाजपा ने निकाय चुनाव की तैयारियों को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और पार्षद प्रत्याशियों के जनसंपर्क अभियान को गति देने पर स्पष्ट रूप से फोकस किया।