बारां में लाइफ इंश्योरेंस एजेंट एसोसिएशन की बैठक, रामचंद्र अजमेरा बने जिलाध्यक्ष
बारां में लिहाफी की वार्षिक बैठक में नई कार्यकारिणी बनी। रामचंद्र अजमेरा जिलाध्यक्ष और नरेन्द्र कुमार शर्मा सचिव चुने गए।
तस्वीर में बारां के मंच पर वक्ता सभा को संबोधित कर रहे हैं।
एलआईसी शाखा की लाइफ इंश्योरेंस एजेंट एसोसिएशन (लिहाफी) की दो वार्षिक बैठक रविवार शाम आरके गार्डन, बारां में राजस्थान प्रांत संयुक्त सचिव शिव कुमार गुप्ता के आतिथ्य और मंडल अध्यक्ष महेंद्र सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में लिहाफी सोसाइटी की उपयोगिता पर विशेष चर्चा की गई।
मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार गुप्ता, निवर्तमान जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार चौहान और सचिव महेन्द्र नागर ने बताया कि बैठक में कोषाध्यक्ष रामचंद्र अजमेरा ने सोसायटी के आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। संरक्षक ललित शंकर शर्मा और कमल प्रकाश सोपरा ने एलआईसी में आए दिन हो रहे परिवर्तनों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ग्राहक सेवा को प्राथमिकता देने और नव व्यवसाय बढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी।
मंडल अध्यक्ष महेंद्र सोनी ने अभिकर्ताओं के मूल उद्देश्य और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने सोसायटी के रजिस्ट्रेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अभिकर्ता सतीश पोरवाल की सराहना की।
निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश कुमार चौहान ने विगत दो वर्षों में संगठन की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमारी समिति पूरे उत्तर क्षेत्र में वित्तीय रूप से सबसे मजबूत सोसाइटी है, जो सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय योगदान कर रही है।
बैठक में वर्तमान कार्यकारिणी को भंग कर मंडल कोटा से पधारे विशेष अतिथियों मंडल कोषाध्यक्ष द्वारका प्रसाद विजय, प्रदेश संयुक्त सचिव शिव कुमार गुप्ता और मंडल सहसचिव प्रहलाद योगी की उपस्थिति में जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। अभिकर्ताओं की रायशुमारी के बाद सर्वसम्मति से रामचंद्र अजमेरा को जिलाध्यक्ष और नरेन्द्र कुमार शर्मा को सचिव बनाया गया। सेटेलाइट शाखा छबड़ा के अध्यक्ष पद पर पुरन सिंह लोधा को चुना गया।
नव नियुक्त जिलाध्यक्ष रामचन्द्र अजमेरा से एक सप्ताह में कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से विस्तार करने का आग्रह किया गया।
इससे पूर्व सभी अतिथियों और संगठन की स्थायी सदस्यता ग्रहण करने वाले 29 अभिकर्ताओं का समिति के संरक्षक रमाकांत गुप्ता, सुनील पौराणिक, रविंद्र जैन और सतीश पोरवाल ने स्वागत-सत्कार किया तथा उन्हें संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
बैठक के अंत में निवर्तमान जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार चौहान ने सभी सदस्यों का आभार प्रकट किया। इसके बाद सभी सदस्यों एवं शाखा के पदाधिकारियों ने स्नेह भोज का आनंद लिया। मंच का संचालन वरिष्ठ अभिकर्ता कमल प्रकाश सोपरा ने किया।