तस्वीर में परिसर के बगीचे में लोग बैनर के सामने पौधे लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

बारां। नगर निकाय आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को साकार करने के लिए पुनर्वास गृह में जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजीव तोमर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारा महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से स्वयं निर्भीक होकर मतदान करने तथा अपने परिवार, परिचितों और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थितजनों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने पारंपरिक कच्छी घोड़ी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया। वहीं ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ थीम के तहत वरिष्ठ नागरिकों ने वृक्षारोपण कर लोकतंत्र और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर सहायक निदेशक सामाजिक न्याय शुभम नागर, संस्था सचिव संदीप जैन, स्वीप दल के सदस्य तथा स्टाफ हरीश कुमार, दिव्या सेन, राजेंद्र मीना, शिवानी, किरण, राजेश नागर, मनोज सुमन, निखिल मेरोठा सहित पुनर्वास गृह के वृद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों ने मतदान को अधिकार के साथ लोकतंत्र के प्रति महत्वपूर्ण कर्तव्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

Tags: