बारां जिला परिषद वार्ड 12: कांग्रेस-भाजपा में चुनावी सरगर्मी तेज
पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल माथोडिया के समर्थन में गांवों में जनसंपर्क कर विकास के वादे किए।
बारां जिला परिषद वार्ड 12 चुनाव में पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल और प्रत्याशी निर्मल माथोडिया जनसंपर्क करते हुए।
बारां जिला परिषद के वार्ड संख्या 12 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचने के लिए घर-घर दस्तक दे रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल माथोडिया के समर्थन में पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल ने मोर्चा संभालते हुए विभिन्न गांवों में रोड शो और सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। वहीं भाजपा और थर्ड फ्रंट के प्रत्याशियों ने भी मतदाताओं के बीच पहुंचकर अपने पक्ष में समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल माथोडिया के समर्थन में पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल की अगुवाई में क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इसके तहत कराडिया हाड़ा, घूमेंन एवं बड़ौरा में रोड शो निकाले गए और ग्रामीणों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई। इसके अलावा रायपुरिया, शेरगढ़, अचरावा, कराडिया गुलजी एवं किरपुरिया में घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया।
जनसंपर्क के दौरान पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गांव, गरीब, किसान, मजदूर और आमजन के हितों की लड़ाई लड़ती आई है। ग्रामीण क्षेत्रों का विकास, किसानों की समस्याओं का समाधान तथा शिक्षा, चिकित्सा, सड़क एवं पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की तरक्की और विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल माथोडिया को विजयी बनाना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से एकजुट होकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल माथोडिया ने भी जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं और स्थानीय जरूरतें जानीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता का आशीर्वाद मिलने पर वार्ड के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे। सड़क, पेयजल, शिक्षा और चिकित्सा सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना तथा आमजन की आवाज को जिला परिषद तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
चुनाव प्रचार के दौरान विभिन्न गांवों में रोड शो और जनसंपर्क को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह ग्रामीणों ने पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल और कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल माथोडिया का स्वागत किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों और प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। इस अभियान में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी हेमंत नागर और थर्ड फ्रंट के प्रत्याशी बालकिशन नागर ने भी मतदाताओं से जनसंपर्क कर विकास का संकल्प दोहराया। वार्ड संख्या 12 में प्रमुख प्रत्याशियों के सक्रिय प्रचार अभियान के साथ चुनावी मुकाबला तेज होता नजर आ रहा है।