तस्वीर में करवरी कलां की नई सरपंच रेखा शर्मा पंचायत कार्यालय में कार्यभार संभालती हुईं।

बारां/किशनगंज। ग्राम पंचायत करवरी कलां में गुरुवार को नवनियुक्त सरपंच रेखा शर्मा पत्नी लेखराज शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पंचायत कार्यालय पहुंचकर सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने पंचायत के सर्वांगीण विकास और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकता बताते हुए विकास का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर रेखा शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत करवरी कलां की देवतुल्य जनता ने उन्हें जो विश्वास और आशीर्वाद दिया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। पंचायत के प्रत्येक गांव का समान विकास, आमजन की समस्याओं का समाधान और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि पंचायत के प्रत्येक गांव में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ नियमित साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। गांवों में अच्छी सड़कों और रोड लाइट की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा मजदूरों एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए खेल मैदान विकसित करने सहित विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे।

नवनियुक्त सरपंच ने पंचायत के विकास में सभी वार्ड पंचों, युवाओं, बुजुर्गों, मातृशक्ति और समस्त ग्रामवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पंचायत को एक परिवार मानकर सामूहिक प्रयासों से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यभार ग्रहण समारोह में उपसरपंच शंकर लाल खैरवा सहित ग्राम पंचायत करवरी कलां के सभी नवनिर्वाचित वार्ड पंच मौजूद रहे। इनमें सुगना बैरवा, जुलेखा बानो, शंकर लाल, धन्नी बाई, महेंद्र कुमार, बबलू सहरिया, ब्रजमोहन सहरिया, प्रेम बाई बंजारा, मूर्ति बाई, लालवीर सहरिया और अनीता मीणा शामिल रहे।

इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने पंचायत के विकास कार्यों को आपसी समन्वय, सहयोग और सहभागिता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। नवनियुक्त सरपंच के कार्यभार ग्रहण के साथ ही करवरी कलां पंचायत में विकास कार्यों को सामूहिक भागीदारी से गति देने की दिशा में नई जिम्मेदारी की शुरुआत हुई।

Tags: