बारां पंचायत समिति चुनाव: बीजेपी ने 14 वार्डों में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज की
जिला संयोजक यश भानु जैन की उपस्थिति में संभावित उम्मीदवारों ने एसडीएम को सौंपे आवेदन, संगठन स्तर पर विचार के बाद जारी होगी अधिकृत सूची।
तस्वीर में बारां में पंचायत चुनाव के लिए आवेदन प्रस्तुत करते भाजपा कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
बारां पंचायत समिति के आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशी चयन की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में पंचायत समिति के 14 वार्डों के संभावित भाजपा प्रत्याशियों ने अपने आवेदन प्रस्तुत कर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की।
चुनाव प्रबंधन समिति के जिला संयोजक यश भानु जैन की मौजूदगी में प्रधान मोरपाल सुमन एवं देहात मंडल अध्यक्ष अमरदीप सिंह केदाहेड़ी की अगुवाई में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उपखंड अधिकारी रामावतार मीणा के समक्ष बारां पंचायत समिति के कुल 15 वार्डों में से 14 वार्डों के संभावित भाजपा प्रत्याशियों के आवेदन प्रस्तुत किए गए। इस दौरान संबंधित वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी रखी।
भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि पार्टी में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया संगठनात्मक दिशा-निर्देशों और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरी की जा रही है। सभी दावेदारों के आवेदनों पर संगठन स्तर पर विचार-विमर्श और आवश्यक परीक्षण किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्टी की ओर से अधिकृत प्रत्याशियों की सूची शीघ्र जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्याशी चयन में योग्य एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर देने के साथ संगठन की सहमति और सामूहिक निर्णय को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर एडवोकेट श्याम पालीवाल, मंडल महामंत्री रवींद्र डागर, सत्यनारायण शर्मा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पंचायत समिति के 14 वार्डों में आवेदन प्रस्तुत होने के साथ ही भाजपा में आगामी पंचायत राज चुनावों के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।