बारां पंचायती राज चुनाव के दौरान तीसरे मोर्चे का चुनाव चिह्न दिख रहा है।

बारां। पंचायती राज चुनाव के बीच बारां जिले की राजनीति में तीसरे मोर्चे की सक्रिय एंट्री ने भाजपा और कांग्रेस दोनों की चुनावी रणनीति को चुनौती दे दी है। जनता की ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरे तीसरे मोर्चे के प्रत्याशियों ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। हालात ऐसे हैं कि भाजपा और कांग्रेस को अपनी रणनीति पर दोबारा मंथन करना पड़ रहा है, वहीं दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशी भी चुनावी समीकरणों को देखते हुए फूंक-फूंककर कदम रख रहे हैं।

नगर परिषद और पंचायती राज चुनाव के तहत जिले में भाजपा, कांग्रेस और तीसरे मोर्चे के प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल किसी भी पक्ष की स्थिति पूरी तरह सुनिश्चित नजर नहीं आ रही है। खासतौर पर भाजपा और कांग्रेस के सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है। तीसरे मोर्चे भगत सिंह सेना के प्रत्याशी इस बार बहुजन समाज पार्टी के चुनाव चिह्न हाथी के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। जातिगत समीकरणों के आधार पर मिल रही सफलता से उनके हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं।

दूसरी ओर कांग्रेस के प्रत्याशी पूर्व मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया के दम पर चुनावी ताल ठोक रहे हैं। स्वयं प्रमोद जैन भाया जिलेभर में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय हैं। वह गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचकर मतदाताओं से जनसंपर्क कर रहे हैं। उनके साथ पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, करण सिंह राठौड़ और निर्मला सहरिया सहित अन्य नेता भी अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी मोर्चा संभाले हुए हैं।

भाजपा की ओर से भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। छबड़ा विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री एवं छबड़ा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी चुनावी गतिविधियों में सक्रिय हैं। वहीं बारां-अटरू क्षेत्र में विधायक राधेश्याम बैरवा, पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, भाजपा नेता कृष्ण मुरारी दिलावर सहित कई जनप्रतिनिधि और जिला पदाधिकारी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं।

अंता विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से प्रधान प्रखर कौशल, राधेश्याम खंडेलवाल और मोरपाल सुमन ने पंचायत राज चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क किया है। वहीं किशनगंज-शाहाबाद क्षेत्र में पूर्व विधायक हेमराज मीणा और विधायक ललित मीणा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।

इन तमाम चुनावी प्रयासों के बावजूद तीसरे मोर्चे के प्रत्याशियों का उत्साह अलग ही नजर आ रहा है। हालांकि उनका यह उत्साह चुनाव परिणाम के बाद कितनी सीटों में तब्दील हो पाएगा, इसका फैसला मतगणना के बाद ही होगा। फिलहाल तीसरे मोर्चे की सक्रियता ने भाजपा और कांग्रेस को अपने जमीनी समीकरणों पर विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है।

जिले में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। चुनावी मैदान से मिल रही जानकारियां संकेत दे रही हैं कि जिला परिषद चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को तीसरे मोर्चे से कड़ी चुनौती मिल सकती है। ऐसे में बारां जिले का पंचायती राज चुनाव अब केवल दो प्रमुख दलों के बीच मुकाबला नहीं रह गया है, बल्कि तीसरे मोर्चे की बढ़ती सक्रियता ने चुनावी समीकरणों को नया मोड़ दे दिया है।

Tags: