बारां में कैट वुमेन विंग की बैठक के दौरान व्योमिका-3 फैशन और लाइफस्टाइल प्रदर्शनी के पोस्टर का अनावरण करती हुईं संस्था की महिला सदस्य.   

बारां। कैट वुमेन विंग बारां की ओर से आयोजित होने वाली ‘VYOMIKA-3 – Fashion & Lifestyle Exhibition’ में फैशन, लाइफस्टाइल, महिला उद्यमिता और नारी शक्ति का संगम देखने को मिलेगा। 24 एवं 25 अक्टूबर को जिला मुख्यालय के अस्पताल मार्ग स्थित संस्था धर्मादा धर्मशाला में आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में प्रमोशनल रैंप शो और नारी अभिनंदन अवार्ड 2026 प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

आयोजन के प्रचार-प्रसार और तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान प्रदर्शनी को आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई तथा आयोजन की सफलता के लिए सदस्यों की जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श हुआ।

कैट वुमेन विंग बारां की अध्यक्ष चारु गुप्ता ने सभी सदस्यों से आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने और अधिकाधिक शहरवासियों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।

संस्था की फाउंडर सुमन गोयल ने आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि VYOMIKA-3 महिलाओं को फैशन, लाइफस्टाइल और उद्यमिता से जुड़े अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही शहरवासियों के लिए उत्सवपूर्ण माहौल तैयार करेगा।

फाउंडर मेंबर एवं मीडिया प्रभारी ललिता टोंग्या ने एग्जिबिशन के प्रचार-प्रसार की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले नारी अभिनंदन अवार्ड 2026 को व्यापक रूप दिया गया है। वहीं, फाउंडर मेंबर अनीता सेठी ने बताया कि 24 अक्टूबर को मेकअप आर्टिस्ट के लिए प्रमोशनल रैंप शो आयोजित किया जाएगा।

सोशल मीडिया प्रभारी श्वेता मित्तल, सुलेखा जैन एवं दिव्या जैन, ऋचा वर्मा और प्राची जैन ने दोनों दिन होने वाले मनोरंजन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी के साथ मिलकर पूर्ण सहयोग करने का विश्वास दिलाया।

स्टॉल प्रदर्शक वैशाली गोयल और मुनमून गुप्ता ने बताया कि ‘व्योमिका-3 – नारी शक्ति, हुनर और उद्यमिता का उत्सव’ कैट वुमेन विंग बारां की ओर से आयोजित एक भव्य प्रदर्शनी है। इसका उद्देश्य महिला उद्यमियों को मंच प्रदान करने के साथ स्थानीय व्यापार और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। 24 और 25 अक्टूबर को होने वाला यह आयोजन महिलाओं के हुनर, उद्यमिता और उत्पादों को सामने लाने का अवसर प्रदान करेगा।

Tags: