बारां में गायत्री परिवार की ओर से नारी जागरण सम्मेलन व कन्या कौशल शिविर आयोजित
संस्था धर्मादा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 650 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया, जहां बालिका शिक्षा और नारी सशक्तीकरण पर जोर दिया गया।
बारां। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में श्री वेदमाता गायत्री परिवार ट्रस्ट शाखा बारां की ओर से संस्था धर्मादा परिसर में जिला स्तरीय नारी जागरण सम्मेलन एवं कन्या कौशल शिविर का आयोजन किया गया। सम्मेलन में नारी सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा, संस्कार निर्माण और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे विषयों पर चर्चा हुई। आयोजन में जिलेभर से आईं 600 से अधिक बहनों, बालिकाओं एवं कार्यकर्ताओं सहित लगभग 650 लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम से पूर्व गायत्री प्रज्ञापीठ सब्जीमंडी से आयोजन स्थल तक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद आयोजित सम्मेलन में मुख्य वक्ता एवं अतिथि के रूप में डॉ. सुधीरा चौधरी, डॉ. राजश्री जोशी, महिला पुलिस निरीक्षक आशा कौर सिंह, डॉ. सुचित्रा अग्रवाल, रेखा पटवा, निर्मला मालव, डॉ. वर्षा सक्सेना, महिला जिला संयोजिका कैलाश मेवाड़ा एवं आशा गुप्ता उपस्थित रहीं।
मंचस्थ अतिथियों ने अपने संबोधन में युग निर्माण योजना में नारी की महती भूमिका, आओ गढ़े संस्कारवान पीढ़ी, सप्त आंदोलन, कौशल विकास, सुसंस्कारी परिवारों के निर्माण, चरित्र निर्माण और नशामुक्ति जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। वक्ताओं ने नारी के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित करते हुए बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों पर पूर्ण विराम लगाने का पुरजोर आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान बालिकाओं ने बालिका शिक्षा के महत्व और समाज में नारी चेतना को दर्शाती भावपूर्ण नाटिका का मंचन किया। नाटिका को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन चारु जादौन ने किया।
इस अवसर पर महिला जिला संयोजिका कैलाश मेवाड़ा ने बताया कि मुख्य सम्मेलन से पहले जिले के ग्रामीण एवं तहसील स्तर पर नारी जागरण के 24 कार्यक्रमों की सफल श्रृंखला आयोजित की जा चुकी है। इस प्रकार जिला स्तरीय सम्मेलन से पहले विभिन्न क्षेत्रों में नारी जागरण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाया गया।
आयोजन में उपजोन संयोजक गोपाललाल शर्मा, केंद्रीय प्रतिनिधि प्रभाशंकर दुबे, व्यवस्थापक खिल्लूराम शर्मा, हेमराज पांचाल, जिला समन्वयक चंद्रप्रकाश सांखला, मुकेश मीणा, संदीप सिंह जादौन, भूपेंद्र सांखला, शैलेश नागर, बद्रीलाल नागर और हेमराज सोनी उपस्थित रहे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय बीएड कॉलेज, राजकीय कन्या महाविद्यालय एवं देवसंस्कृति महिला महाविद्यालय सीसवाली की छात्राओं सहित अनेक कार्यकर्ता भाई-बहनों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
गायत्री परिवार की ओर से आयोजित इस जिला स्तरीय सम्मेलन एवं कन्या कौशल शिविर में बालिका शिक्षा, संस्कार निर्माण, कौशल विकास और नारी जागरण से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी गई। आयोजन में जिलेभर से बड़ी संख्या में महिलाओं, बालिकाओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।