तस्वीर में बाएं से सर्राफा संघ के संरक्षक विनोद कुमार गर्ग और अध्यक्ष ललित मोहन खंडेलवाल नजर आ रहे हैं।

बारां। जिला मुख्यालय के सर्राफा बाजार में गुरुवार सुबह शीतला चौक के निकट एक सर्राफा व्यापारी की दुकान पर संदिग्ध लोगों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण चोरी होने की घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद करने की मांग की है।

सर्राफा संघ के जिला अध्यक्ष ललित मोहन खंडेलवाल ने पुलिस प्रशासन से चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा कर चोरी हुआ माल बरामद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए और बंद पड़ी टाउन चौकी पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाना चाहिए।

सर्राफा संघ के वरिष्ठ व्यवसायी एवं बारां नागरिक सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन जय नारायण हल्दिया ने कहा कि सर्राफा बाजार में व्यवसायियों के साथ ग्राहकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी पुलिस की निगरानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन सहित खास अवसरों पर इस बाजार में खरीदारों की आवाजाही अधिक रहती है।

सर्राफा संघ संरक्षक विनोद कुमार गर्ग, जय नारायण हल्दिया, अध्यक्ष ललित मोहन खंडेलवाल, महामंत्री अश्वनी बांसल, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार थुणगर, हितेश कुमार सोनी, भीमराज सोनी, सिराज भाई सहित सर्राफा व्यापारियों ने गुरुवार सुबह सुनील कुमार मराठा के यहां हुई लगभग 50 ग्राम सोने के आभूषणों की चोरी की घटना को लेकर चिंता जताई।

घटना की तत्काल कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। व्यापारियों ने पुलिस को चोरी को अंजाम देने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के सीसीटीवी फुटेज भी दिखाए, जिनमें संदिग्ध व्यक्ति दुपहिया वाहन सहित स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। सर्राफा संघ ने पुलिस अधीक्षक और शहर कोतवाल से घटना के संदिग्ध आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर चोरी हुए सोने के आभूषण बरामद करने की मांग की है।

अध्यक्ष ललित मोहन खंडेलवाल और वरिष्ठ व्यवसायी एवं बारां नागरिक सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन जय नारायण हल्दिया ने कहा कि ऐसी विषम परिस्थितियां बार-बार इसलिए भी बनती हैं क्योंकि लंबे समय से टाउन चौकी पर पुलिस जवानों की तैनातगी नहीं है। उन्होंने टाउन चौकी पर 24 घंटे पुलिस जाप्ता तैनात किए जाने को आवश्यक बताया।

Tags: