तस्वीर में बारां जिले के छबड़ा, मांगरोल और अटरू नगर निकाय चुनाव के तहत मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के अंतर्गत निकाली गई रैली में लोग तख्तियां और बैनर लिए हुए नजर आ रहे हैं।

बारां। नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत छबड़ा, मांगरोल और अटरू में शुक्रवार को मतदान होगा। मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण के बाद गुरुवार को जिला मुख्यालय से उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। तीनों निकायों के 95 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जाएगा।

इन चुनावों में कुल 62,728 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इनमें 31,978 पुरुष, 30,749 महिला और एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। छबड़ा में 12,085 पुरुष, 11,698 महिला और एक ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। मांगरोल में 10,036 पुरुष और 9,751 महिला तथा अटरू में 9,857 पुरुष और 5,300 महिला मतदाता मतदान कर सकेंगे।

सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू होने से पहले पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में ईवीएम से मॉक पोल कराया जाएगा। इसके बाद मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। मतदाता निर्धारित मतदान केंद्र पर मान्य फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत कर मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।

मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता लगाया जाएगा। एरिया मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और गश्तीदल लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर कानून व्यवस्था पर निगरानी रखेंगे। मतदान केंद्र की 200 मीटर की परिधि में राजनीतिक गतिविधियां निषिद्ध रहेंगी।

मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दल ईवीएम और निर्वाचन सामग्री संबंधित संग्रहण केंद्र पर जमा कराएंगे। शत-प्रतिशत मतदान के उद्देश्य से निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक एवं संवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सूखा दिवस भी घोषित किया गया है।

मतदान दलों की रवानगी से पहले जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण में मतदान दलों के अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया कर्तव्यनिष्ठा और पारदर्शिता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान दल के सभी कार्मिक आत्मविश्वास और कुशलता के साथ कार्य करते हुए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान कराने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करें।

कलक्टर असावा ने मतदान केंद्र पर पहुंचते ही सभी मतदान दल अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिधि सीमा का निर्धारण, मॉक पोल और प्रपत्र संधारण की प्रक्रिया पूरी करते हुए आपसी समन्वय से चुनाव संपन्न कराने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उन्हें अविलंब सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने भी मतदान दल के कार्मिकों को संबोधित किया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल जनागल, प्रशिक्षण प्रभारी एवं सीईओ राजीव तोमर, चुनाव समन्वयक हीरालाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संचालन व्याख्याता सुनील शर्मा ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान सभी मतदान दलों को उनके बैठने के स्थान पर ही मतदान सामग्री के बैग और ईवीएम उपलब्ध कराई गई। इसके बाद सभी मतदान दल आवंटित वाहनों से चेक पोस्ट पर एंट्री करवाकर अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान कार्मिकों में इस दौरान उत्साह दिखाई दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा ने छबड़ा, मांगरोल और अटरू नगर निकाय क्षेत्र के मतदाताओं से शुक्रवार को होने वाले आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाताओं की वजह से जिले में शांतिपूर्ण चुनाव और औसत से अधिक मतदान प्रतिशत की परंपरा रही है। निकाय चुनाव में भी स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से आम मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया है। उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के हित में बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि मतदान महत्वपूर्ण नागरिक कर्तव्य होने के साथ लोकतंत्र की मजबूती का आधार भी है।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि निकाय चुनाव-2026 के तहत शांतिपूर्ण चुनाव के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। मध्यप्रदेश से सटी जिले की सीमा पर नाकाबंदी कर सघन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैधानिक तरीके से चुनाव को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध पुलिस सख्ती बरतेगी।

मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर वालंटियर लगाए जाएंगे। दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर और सहायक की व्यवस्था की गई है। महिलाओं की सहायता के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा सहयोगिनियों की ड्यूटी लगाई गई है।

मतदान के लिए मतदाताओं को पहचान के रूप में मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता यह प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है तो राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों में से किसी एक मूल दस्तावेज को प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। इनमें आधार कार्ड, वीबीजी रामजी/मनरेगा कार्ड, डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र/राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी फोटो पहचान पत्र, सांसदों एवं विधानसभा सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड शामिल हैं।

छबड़ा, मांगरोल और अटरू में दूसरे चरण का मतदान 95 मतदान केंद्रों पर होगा। प्रशासन और पुलिस की तैयारियों के बीच 62,728 मतदाता शुक्रवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Tags: