बारां जिले के अटरू क्षेत्र स्थित चरडाना के रामतलाई बालाजी धाम में आयोजित भजन संध्या के दौरान सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत करती नृत्यांगना और उपस्थित श्रद्धालु।

बारां जिले के अटरू क्षेत्र के चरडाना स्थित रामतलाई बालाजी धाम में नवरात्रि के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों का समापन भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में हुआ। बालाजी विकास समिति, चरडाना के तत्वावधान में आयोजित रामायण पाठ का समापन भाजपा नेता एवं चरडाना के पूर्व सरपंच कृष्ण मुरारी दिलावर के सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर बीती रात्रि विशाल भजन संध्या और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पूर्व सरपंच कृष्ण मुरारी दिलावर ने बताया कि कार्यक्रम में ग्राम पंचायत चरडाना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के ग्रामवासियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने रामतलाई बालाजी धाम में दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद भंडारे में प्रसादी ग्रहण की।

कार्यक्रम के तहत डिंपल इवेंट ऑर्गनाइजेशन की ओर से विशाल भजन संध्या आयोजित की गई। इसमें गायिका ज्योति और गायक दिनेश पंवार ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। वहीं, नृत्यांगनाओं कोकिला और सोनिया ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और पूरे परिसर में जयकारे गूंजते रहे।

रामतलाई बालाजी धाम में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम से गांव में श्रद्धा, भक्ति और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूती मिली। ग्रामवासियों के सहयोग और सहभागिता से रामायण पाठ, भजन संध्या एवं भंडारे का आयोजन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। भाजपा नेता कृष्ण मुरारी दिलावर ने शांतिपूर्ण ढंग से धार्मिक आयोजन संपन्न कराने में सहयोग देने के लिए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

Tags: