बारां: पारौत्रा ब्राह्मण सेवा संस्थान भवन का भूमि पूजन, बनेगी चारदीवारी
झालावाड़ रोड पर संस्थान के अधूरे पड़े भवन और कमरों को व्यवस्थित करने के लिए समाज के सहयोग से चारदीवारी और मरम्मत कार्य की शुरुआत की गई है।
बारां के जवाहर नगर में पारौत्रा ब्राह्मण सेवा संस्थान के अध्यक्ष सत्यदेव शर्मा व सदस्यों ने भूमि पूजन कर चारदीवारी निर्माण की शुरुआत की।
बारां। पारौत्रा ब्राह्मण सेवा संस्थान के अधूरे भवन को संवारने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। शहर के झालावाड़ रोड पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास दुर्जनपुरा रोड स्थित जवाहर नगर में संस्थान के भूखंड पर चारदीवारी निर्माण के लिए पूर्ण विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया गया। अब वर्तमान कार्यकारिणी और समाज के सदस्यों के सहयोग से भूखंड की चारदीवारी बनाने के साथ पुराने कमरों की मरम्मत करवाई जाएगी।
संस्थान अध्यक्ष सत्यदेव शर्मा के नेतृत्व में शुभ मुहूर्त में आयोजित कार्यक्रम में पं. निखिल शर्मा ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न करवाया। इस दौरान संस्थान के भूखंड पर प्रस्तावित निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।
संस्थान महामंत्री ललित किशोर शर्मा ने बताया कि वर्ष 2000 में तत्कालीन कार्यकारिणी की ओर से भवन निर्माण के उद्देश्य से भूखंड पर तीन कमरे बनवाए गए थे। हालांकि, किन्हीं कारणों से निर्माण कार्य अधूरा रह गया। इसके बाद देखरेख के अभाव में ये कमरे खंडहर में तब्दील हो गए।
अब वर्तमान कार्यकारिणी ने समाज के सदस्यों के सहयोग से भूखंड पर चारदीवारी निर्माण कराने और पुराने कमरों की मरम्मत करवाने का निर्णय लिया है। भूमि पूजन के साथ इस कार्य की शुरुआत होने से संस्थान के अधूरे भवन परिसर को व्यवस्थित करने की पहल आगे बढ़ी है।
इस अवसर पर संस्थान के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद सोती, कोषाध्यक्ष प्रमिलराय द्विवेदी, विद्या भारती के जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा, महेंद्र श्रोत्रिय, वीरेंद्र शर्मा मंडोला, अनिल निमोदिया, देवेंद्र व्यास सीसवाली और प्रवीण शर्मा आम्बापुरा सहित समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे।