बारां में इनरव्हील क्लब के शिविर में इलाज करते स्पर्श चिकित्सक राजेन्द्र सिंह सिसोदिया।

बारां में इनरव्हील क्लब की ओर से एडवोकेट स्व. लक्ष्मीनारायण एवं स्व. श्रीमती रुक्मणी देवी अग्रवाल की पुण्यस्मृति में आयोजित दो दिवसीय निःशुल्क स्पर्श चिकित्सा शिविर का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले दिन सुबह से ही मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और शाम तक लगभग 101 लोगों ने स्पर्श चिकित्सा पद्धति से उपचार का लाभ लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर धर्मशाला परिसर के ओमप्रकाश अग्रवाल का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर स्वागत-सम्मान किया गया। भामाशाह सीमा हरिओम अग्रवाल भी शिविर में पूरे समय अपनी सेवाएं दे रही हैं।

क्लब अध्यक्ष चंद्रकला सेठी एवं मीडिया प्रभारी ललिता टोंग्या ने बताया कि शिविर में विजयनगर से आए स्पर्श चिकित्सक राजेन्द्र सिंह सिसोदिया मरीजों को निःशुल्क उपचार सेवाएं दे रहे हैं। शिविर में कमर दर्द, कंधे एवं बाजुओं का दर्द, गर्दन दर्द, स्पॉन्डिलाइटिस, पीठ दर्द, स्लिप डिस्क, साइटिका, पेट दर्द सहित शरीर के विभिन्न अंगों के पुराने दर्द और अन्य वात-व्याधियों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

सचिव चारु गुप्ता ने बताया कि शिविर के पहले दिन सुबह से मरीजों के आने का क्रम लगातार जारी रहा। शाम तक लगभग 101 मरीजों ने स्पर्श चिकित्सा पद्धति से उपचार लिया। शिविर में कोटा से शिल्पा अग्रवाल अपने पति मिस्टर अग्रवाल के साथ पहुंचीं। दोनों कमर दर्द एवं कंधे के दर्द से परेशान थे। उन्होंने बताया कि वे पहले भी विजयनगर जाकर स्पर्श चिकित्सा से उपचार ले चुके हैं, जिससे उन्हें काफी आराम मिला था। इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने बारां में आयोजित शिविर में पहुंचकर उपचार सेवा ली। उपचार से राहत मिलने पर दंपती ने प्रसन्नता जताई और इनरव्हील क्लब बारां तथा स्पर्श चिकित्सक राजेन्द्र सिंह सिसोदिया की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

शिविर प्रभारी मृदुला मारू एवं नीतू जैन ने स्पर्श चिकित्सक राजेन्द्र सिंह सिसोदिया को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। शिविर के संचालन, व्यवस्थाओं और मरीजों की सहायता में क्लब की आईएसओ अनिता सेठी, दिव्या जैन, सीमा सिंह, प्रेरणा शर्मा एवं बिन्दू मारू सहित अन्य सदस्य सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।

क्लब अध्यक्ष चंद्रकला सेठी ने बताया कि दो दिवसीय निःशुल्क स्पर्श चिकित्सा शिविर 21 अक्टूबर को भी जारी रहेगा। शिविर का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक और शाम 3 से 6 बजे तक निर्धारित है। शिविर अस्पताल रोड स्थित भूरालाल जी की धर्मशाला में आयोजित किया जा रहा है। इच्छुक लोग निर्धारित समय पर पहुंचकर निःशुल्क स्पर्श चिकित्सा सेवा का लाभ ले सकते हैं।

Tags: