बारां जिला मुख्यालय स्थित पेंशनर भवन में दीपावली स्नेह मिलन समारोह के दौरान ऑनलाइन पेंशन भुगतान और आरजीएचएस योजना की समस्याओं पर चर्चा करते हुए पेंशनर्स।

बारां में आयोजित पेंशनर्स के दीपावली स्नेह मिलन समारोह में पेंशन भुगतान, पारिवारिक पेंशन और आरजीएचएस योजना से जुड़ी समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान ऑनलाइन पेंशन व्यवस्था से बढ़ रही परेशानियों पर रोष जताते हुए 10 जनवरी को जिला अधिवेशन आयोजित करने की घोषणा की गई।

राजेंद्र शर्मा। बारां। जिला मुख्यालय स्थित पेंशनर भवन में शुक्रवार देर शाम तक पेंशनर्स का दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित हुआ। मुख्य संरक्षक सत्य प्रकाश पारीक के आतिथ्य में संपन्न समारोह में 70 से अधिक पेंशनर्स उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने 1 जुलाई 2026 से पेंशनर्स के कार्य ऑनलाइन किए जाने के बाद सुविधाएं पहले की तुलना में दुष्कर होने पर गहरा रोष जताया। उन्होंने पेंशनर्स को जानकारी देते हुए बताया कि पहले कोषालय में सामान्य प्रक्रिया के तहत निर्धारित समय सीमा में होने वाले कार्य अब केंद्रीकृत व्यवस्था के कारण लंबित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पेंशनर की मृत्यु के बाद पारिवारिक पेंशन शुरू होने में देरी हो रही है। संशोधित पीपीओ, जन्म तिथि निर्धारण पर बकाया राशि, अंतिम पेंशन और ड्यू ड्रा की सुविधा कोषालय में उपलब्ध नहीं होने से सीपीओ भुगतान बाधित हो रहा है। इसके अलावा कोषाधिकारी की ओर से जिन पेंशनर्स की पेंशन पर रोक लगाई गई है, उनकी पेंशन दोबारा शुरू नहीं हो रही। ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन और पीएल भुगतान में भी विलंब हो रहा है।

आरजीएचएस योजना की व्यवस्थाओं को लेकर भी पेंशनर्स ने समस्याएं रखीं। दिनेश गुप्ता ने बताया कि पहले पेंशनर्स इस योजना के तहत अपनी इच्छानुसार चिकित्सक, अस्पताल और दवाएं प्राप्त कर सकते थे, लेकिन अब दवाओं के लिए दुकानों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। अनियमित आपूर्ति के कारण दुकानदारों के पास ब्रांडेड दवाएं उपलब्ध नहीं हो रही हैं। योजना की मौजूदा व्यवस्था के चलते पेंशनर्स को समुचित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। पेंशनर्स की मांग है कि उन्हें पहले की तरह आरजीएचएस योजना का पूरा लाभ मिले।

जिला प्रवक्ता ओमप्रकाश गुप्ता ने समारोह का संचालन करते हुए जिला अधिवेशन के आयोजन की जानकारी दी। इस दौरान जिला मंत्री भैरु लाल जैन, सह संयोजक रामगोपाल मीणा और मुख्य संरक्षक सत्य प्रकाश पारीक ने भी अपने विचार रखे और अधिवेशन के आयोजन से संबंधित जानकारी दी।

समारोह के दौरान जिला अधिवेशन की तैयारियों की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। वित्त संग्रह और निमंत्रण पत्र वितरण के लिए रामगोपाल मीणा, रामेश्वर प्रसाद गुप्ता, रमेश चन्द्र शर्मा, रामावतार जैन और कालू लाल वर्मा को किट वितरित कर जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही जिला अधिवेशन की तैयारियों का शुभारंभ किया गया।

पेंशनर्स की समस्याओं और आगामी जिला अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा के साथ दीपावली स्नेह मिलन समारोह संपन्न हुआ। जिला अधिवेशन 10 जनवरी को आयोजित होगा।

Tags: