बारां में आयोजित होने वाले शिविर में मोतियाबिंद समेत विभिन्न नेत्र रोगों की होगी जांच।

बारां। पेंशनर समाज जिला बारां की ओर से दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम शुक्रवार को दोपहर 3 बजे पेंशनर भवन, स्टेशन रोड पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के साथ ही पेंशनरों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें कोटा से आने वाले नेत्र विशेषज्ञ आधुनिक जापानी मशीन से आंखों की जांच कर परामर्श देंगे।

पेंशनर समाज के जिला प्रवक्ता ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम से पूर्व कोटा के एक निजी अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा।

पेंशनर समाज के अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 13 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नेत्र विशेषज्ञ आधुनिक जापानी मशीन के माध्यम से नेत्र रोगों की जांच करेंगे और मरीजों को आवश्यक परामर्श देंगे।

शिविर में जांच के दौरान मोतियाबिंद के लिए चयनित रोगियों को ऑपरेशन के लिए कोटा ले जाया जाएगा। वहां उनके ऑपरेशन के साथ भोजन एवं आवास की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

पेंशनर समाज के जिला मंत्री भैरु लाल जैन ने सभी पेंशनरों से शिविर में पहुंचकर निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। दीपावली स्नेह मिलन के साथ आयोजित यह शिविर पेंशनरों को नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण रहेगा।

Tags: