बारां में प्रमोद जैन भाया परिवार ने किया हवन, मांगी सुख-समृद्धि
पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने बालाजी मंदिर में रामायण पाठ की पूर्णाहुति कराई और जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने शाहाबाद माताजी मंदिर में पूजा की।
शाहाबाद माताजी मंदिर में पूजा करतीं उर्मिला जैन भाया और यश जैन भाया.
बारां में शारदीय नवरात्रि के समापन अवसर पर पूर्व मंत्री एवं अन्ता विधायक प्रमोद जैन भाया के परिवार ने पब्लिक पार्क स्थित प्रसिद्ध बालाजी मंदिर और शाहाबाद के नगरकोट माताजी मंदिर में हवन-पूजन कर देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया। दोनों धार्मिक स्थलों पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और हवन के आयोजन हुए। इस दौरान प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं आरोग्य की कामना की गई।
राजेंद्र शर्मा के अनुसार, पब्लिक पार्क स्थित प्रसिद्ध बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित रामायणपाठ की पूर्णाहुति पूर्व मंत्री एवं अन्ता विधायक प्रमोद जैन भाया ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई। आयोजन में उन्होंने मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना की और हवन-कुंड में आहुतियां देकर प्रदेश व क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। आरती एवं पूर्णाहुति के बाद उन्होंने बालाजी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रमोद जैन भाया ने कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति, भक्ति और साधना का पावन पर्व है। श्री रामचरितमानस का पाठ समाज में भातृभाव, धर्म, मर्यादा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रभु श्री राम और बालाजी महाराज का आशीर्वाद सदैव क्षेत्रवासियों पर बना रहे।
वहीं, शाहाबाद स्थित नगरकोट माताजी मंदिर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन बारां जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया और उनके सुपुत्र यश जैन भाया माता रानी के दरबार में पहुंचे। विद्वान आचार्यजनों के सानिध्य और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने विधि-विधान से हवन-कुंड में आहुतियां दीं और विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद माता रानी की महाआरती कर जिले तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की।
इस दौरान जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि जगत जननी मां जगदम्बा की भक्ति से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मबल का संचार होता है। नवरात्रि के नौ दिन आत्म-शुद्धि और भक्ति के पावन दिन हैं। उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित सभी धर्मप्रेमी बंधुओं को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बनता है और भावी पीढ़ी को सनातन संस्कृति तथा उच्च नैतिक मूल्यों की प्रेरणा मिलती है।
यश जैन भाया ने कहा कि नगरकोट माताजी क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने माता रानी से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से क्षेत्र में निरंतर विकास और शांति बनी रहे।
हवन एवं पूजन के उपरांत जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने देवी स्वरूपा नन्ही बालिकाओं के चरण धुलाकर उनका आशीर्वाद लिया। दोनों धार्मिक आयोजनों में श्रद्धा और पूजा-अर्चना के माध्यम से क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। नगरकोट माताजी मंदिर परिसर में इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।