बारां में नगर परिषद की अनियमितताओं और सफाई व्यवस्था को लेकर भाजपा पार्षदों ने जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।   

बारां नगर परिषद में कथित अनियमितताओं, भाजपा पार्षदों के वार्डों के साथ भेदभाव, विवेकानंद पार्क में पेड़ों की कटाई और शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था का मुद्दा अब जिला प्रशासन तक पहुंच गया है। गुरुवार को भाजपा पार्षदों ने जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा से मुलाकात कर इन मामलों में कार्रवाई करने और दीपावली से पहले शहर की मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की। पार्षदों ने वृक्षों की कटाई के मामले में जांच में दोष प्रमाणित होने के बावजूद संबंधित कार्मिकों पर कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई।

भाजपा जिला महामंत्री राकेश जैन के नेतृत्व में पार्षद हरीश वैष्णव, नगर परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष दिलीप शाक्यवाल, जितेन्द्र शर्मा जीतू, धर्मेन्द्र भार्गव, पार्षद प्रतिनिधि निकलेश शर्मा, मधुसूदन मेहता, मुकेश गौतम और विक्रम नरवाल सहित भाजपा पार्षदों ने हस्ताक्षरयुक्त पत्र जिला कलेक्टर को सौंपा। पत्र में नगर परिषद की कार्यप्रणाली, विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को लेकर कथित भेदभाव और शहर की सफाई, सड़क मरम्मत तथा रोडलाइट जैसी व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया।

विवेकानंद पार्क में खेजड़ी सहित सात वृक्षों की कटाई का मामला भी पत्र में प्रमुखता से उठाया गया। पार्षदों ने बताया कि कुछ माह पूर्व हुई इस घटना की जांच में वृक्षों की कटाई प्रमाणित हुई थी। संबंधित विभाग की ओर से दोषी कार्मिकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने और पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नगर परिषद की ओर से केवल ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई, जबकि जांच में तत्कालीन पार्क प्रभारी और तत्कालीन आयुक्त की भूमिका भी दोषपूर्ण पाई गई थी।

भाजपा पार्षदों ने मांग की कि एफआईआर में संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को भी शामिल किया जाए और उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उनका कहना था कि सार्वजनिक संपत्ति और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के मामलों में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए तथा जांच में जिनकी भूमिका सामने आई है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

दीपावली से पहले शहर की व्यवस्थाएं सुधारने के लिए पार्षदों ने राज्य सरकार की ओर से नगर परिषद को आवंटित 700 नई रोडलाइटें सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार लगाने की मांग की। इसके साथ ही शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने, कचरा संग्रहण वाहनों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने और सड़कों पर बने गड्ढों की दीपावली से पहले मरम्मत कराने की मांग रखी गई।

पार्षदों ने आरोप लगाया कि बिना सक्षम स्वीकृति और वैकल्पिक व्यवस्था किए कचरा संग्रहण वाहनों के चालकों को हटाने तथा पेच रिपेयरिंग गैंग को हटाने जैसी कार्रवाई से शहर की सफाई व्यवस्था और सड़क मरम्मत के कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने इन व्यवस्थाओं को तत्काल बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि त्योहार से पहले जरूरी सेवाएं सुचारू होनी चाहिए, ताकि आमजन को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

नगर परिषद कार्यालय को देर रात तक खोले रखने और फाइलों में कथित हेराफेरी की आशंका का मुद्दा भी पत्र में उठाया गया। भाजपा पार्षदों ने इस पर रोक लगाने के साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने नगर परिषद में होने वाले कार्यों और फैसलों में जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया।

इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री राकेश जैन ने कहा कि नगर परिषद का दायित्व शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराना और आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि विवेकानंद पार्क में वृक्षों की कटाई के मामले में जांच के दौरान जिम्मेदार कार्मिकों की भूमिका सामने आने के बाद भी कार्रवाई नहीं होना गंभीर विषय है। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए और किसी को भी संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।

जैन ने कहा कि दीपावली से पहले सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण, रोडलाइट और सड़कों की मरम्मत जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा पार्षद शहर की जनता से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के सामने उठाते रहेंगे और जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला कलेक्टर से मुलाकात के बाद भाजपा पार्षद जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता से भी मिले। उन्होंने अमृत सिटी योजना के तहत बिछाई गई नई पाइपलाइनों के कनेक्शन शीघ्र जोड़ने की मांग की, ताकि लोगों को योजना का लाभ मिल सके। पार्षदों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति की समस्या से भी अधिकारियों को अवगत कराया और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के साथ समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

नगर परिषद की कथित अनियमितताओं, विवेकानंद पार्क में वृक्षों की कटाई के मामले में कार्रवाई, दीपावली से पहले सफाई और सड़क सुधार तथा पेयजल आपूर्ति से जुड़ी मांगों के जरिए भाजपा पार्षदों ने शहर की व्यवस्थाओं और प्रसनिक जवाबदेही के मुद्दे जिला प्रशासन के समक्ष रखे हैं।

Tags: