बारां में कांग्रेस बैठक को संबोधित करते विधायक प्रमोद जैन भाया।   

राजस्थान में आगामी पंचायतराज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी बारां की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को नेशनल हाईवे-27 पर ग्राम बमूलिया में जैन तीर्थ के निकट वृहद कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली विशेष रूप से शामिल होंगे।

सम्मेलन की तैयारियों को लेकर होटल द्वारिका, बारां में कांग्रेसजनों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि पंचायतराज संस्थाएं लोकतंत्र की बुनियाद हैं और आगामी चुनावों में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव, ढाणी और बूथ स्तर तक सक्रिय होकर कांग्रेस की नीतियों तथा जनहित के मुद्दों को आमजन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कांग्रेसजनों से 14 अक्टूबर के सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सम्मेलन के आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

बारां-अटरू के पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता हर परिस्थिति में जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुःख में सहभागी रहा है। आगामी पंचायतराज चुनावों में पार्टी की सफलता के लिए सभी कांग्रेसजनों को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों से अधिकाधिक कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

छबड़ा के पूर्व विधायक करणसिंह राठौड़ ने कहा कि 14 अक्टूबर को होने वाला वृहद कार्यकर्ता सम्मेलन बारां जिले में कांग्रेस संगठन की एकजुटता और मजबूती का संदेश देगा।

कांग्रेस संगठन महामंत्री कैलाष जैन ने बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को नेशनल हाईवे-27 पर ग्राम बमूलिया में जैन तीर्थ के निकट आयोजित होने वाले सम्मेलन में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली विशेष रूप से शिरकत करेंगे।

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व रूप से सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। आगामी पंचायतराज चुनावों से पहले आयोजित होने वाले इस सम्मेलन के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी बारां बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दे रही है।

Tags: