छबड़ा: मनोरमा शर्मा को 23 साल की सेवा के बाद विदाई
विद्या भारती परिवार ने पुष्पहार और शॉल भेंट कर अभिनंदन किया, वक्ताओं ने विद्यालय विकास और छात्राओं के सर्वांगीण मार्गदर्शन को सराहा।
तस्वीर में छबड़ा के विद्या मंदिर में विदाई समारोह के दौरान हाथ जोड़कर बैठे लोग दिख रहे हैं।
बारां/छबड़ा। मदनलाल भवानी शंकर गुप्त बालिका आदर्श विद्या मंदिर, छबड़ा की प्रधानाचार्या श्रीमती मनोरमा शर्मा को 23 वर्षों के समर्पित कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्ति पर आयोजित विदाई समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में विद्या भारती शिक्षा संस्थान बारां की कार्यकारिणी, स्थानीय प्रबंध समिति के पदाधिकारी, आचार्य दीदी, बहनें एवं छात्राओं ने सहभागिता कर उनके दीर्घ सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
प्रधानाचार्य अमृतलाल मीणा एवं अध्यक्ष अशोक कुमार भार्गव ने नई जानकारी देते हुए बताया कि समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। अतिथियों ने श्रीमती मनोरमा शर्मा का पुष्पहार, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया। वक्ताओं ने कहा कि श्रीमती शर्मा ने अपने कार्यकाल में विद्यालय की शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों को गति प्रदान करते हुए छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए।
वक्ताओं ने कहा कि श्रीमती मनोरमा शर्मा के मार्गदर्शन में विद्यालय ने शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, सेवा एवं राष्ट्रभावना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। विद्यालय की छात्राओं एवं आचार्य दीदी-बहनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए श्रीमती शर्मा के स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन को स्मरण किया।
प्रबंध समिति एवं विद्या भारती परिवार की ओर से श्रीमती मनोरमा शर्मा के स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भावी जीवन की शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं। समारोह का संचालन आचार्य बलराम नगर ने किया। अंत में प्रबंध समिति के पदाधिकारी एवं उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने श्रीमती मनोरमा शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
समारोह में जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर, मंत्री अशोक कुमार योगी, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम स्वरूप नामा, गिरिराज वर्मा, मुकेश जी साहू एवं जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा उपस्थित रहे। आभार एवं शांति मंत्र के साथ समारोह का समापन हुआ।