अटरू नगरपालिका चुनाव में बढ़ी सियासी हलचल, पूजा-अर्चना के साथ खुले चुनाव कार्यालय
अटरू नगरपालिका चुनाव में बुधवार को चुनावी हलचल तेज हुई। वार्ड 5 से भाजपा प्रत्याशी कृष्ण मुरारी दिलावर ने पूजा-अर्चना के साथ कार्यालय खोला।
स्वीर में अटरू नगरपालिका चुनाव कार्यालय उद्घाटन के दौरान नेता और समर्थक खड़े हैं।
नगरपालिका चुनाव को लेकर अटरू में बुधवार को चुनावी गतिविधियां तेज हो गईं। नगर निकाय चुनाव के मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने पूजा-अर्चना के साथ अपने चुनावी अभियान का श्रीगणेश किया। इसी कड़ी में नगरपालिका के वार्ड संख्या 5 से भाजपा प्रत्याशी एवं सरपंच संघ के राष्ट्रीय सचिव कृष्ण मुरारी दिलावर ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ अपने चुनाव कार्यालय का भव्य शुभारंभ किया।
कार्यालय उद्घाटन के दौरान पंडित मुरली मनोहर गौतम ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणपति पूजन कराया। इसके बाद विधिवत रूप से चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वार्ड 20 के भाजपा प्रत्याशी रामबाबू वैष्णव, वार्ड 18 से मधु-अरविंद पारीक, वार्ड 4 से देवीलाल ओढ़ तथा वार्ड 2 से सुषमा-मुकेश मिश्रा सहित समर्थक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अटरू नगरपालिका के कुल 25 वार्डों में वार्ड 5 को चुनाव की हॉट सीट माना जा रहा है। इस सीट से शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के अनुज कृष्ण मुरारी दिलावर चुनाव मैदान में हैं। कृष्ण मुरारी दिलावर इससे पहले चरड़ाना पंचायत के सरपंच रह चुके हैं। पंचायती राज व्यवस्था के बाद अब वे पहली बार शहरी निकाय चुनाव में अपनी राजनीतिक पारी आगे बढ़ाने मैदान में उतरे हैं।
भाजपा समर्थकों और राजनीतिक हलकों में कृष्ण मुरारी दिलावर को नगरपालिका अध्यक्ष पद के संभावित दावेदार के रूप में भी देखा जा रहा है। ऐसे में वार्ड 5 का मुकाबला खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है और चुनाव परिणाम को लेकर लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है।
हालांकि अध्यक्ष पद को लेकर अंतिम तस्वीर चुनाव परिणाम के बाद ही साफ होगी। फिलहाल प्रत्याशियों ने मतदाताओं को साधने के लिए पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के जोर पकड़ने के साथ अटरू नगरपालिका के सभी 25 वार्डों में मुकाबला और अधिक रोचक होने की संभावना है। दूसरी ओर कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनाव कार्यालय खोलकर चुनावी माहौल को और रोचक बना दिया है।