बारां डोल मेले के रंगमंच में बदलाव, आमजन को मिल रहा नेताओं से ज्यादा सम्मान
बारां के ऐतिहासिक डोल मेले में रंगमंच का स्वरूप बदला है। इस बार वार्डों से आने वाले आम नागरिकों को भी मंच पर सम्मान मिल रहा है।
तस्वीर में बारां के डोल मेले के रंगमंच पर माला पहने हुए लोग नजर आ रहे हैं।
बारां के ऐतिहासिक डोल मेले में इस बार रंगमंच का स्वरूप बदला हुआ नजर आ रहा है। नगर परिषद सभापति शीतल कमल राठौर के पदभार संभालने के बाद मेले के रंगमंच को आमजन से जोड़ने की पहल दिखाई दे रही है। इस बार मंच पर राजनीतिक और विशिष्ट लोगों की मौजूदगी तक सीमित रहने के बजाय शहर के विभिन्न वार्डों से आने वाले आम नागरिकों को भी सम्मान के साथ मंच पर स्थान दिया जा रहा है।
मेले के रंगमंच पर वार्डों से आने वाले नागरिकों को सम्मानित किए जाने से आमजन में उत्साह दिखाई दे रहा है। वर्षों से शहर के इस बड़े आयोजन को देखने के लिए पहुंचने वाले लोगों के लिए मंच का यह बदला स्वरूप आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
‘जनता की सरकार, जनता का विश्वास’ की सोच के साथ किए जा रहे इस प्रयास से डोल मेले का रंगमंच अब केवल नेताओं और विशिष्ट अतिथियों तक सीमित मंच न रहकर आम बारां के नागरिकों के सम्मान का मंच बनता दिखाई दे रहा है।