बारां: अस्पताल रोड पर लावारिस मिली बुजुर्ग महिला का रेस्क्यू, अपना घर आश्रम कोटा भेजा
अस्पताल रोड पर रह रही असहाय महिला को समिति सदस्यों ने रेस्क्यू कर आश्रम पहुंचाया, अब सुरक्षित वातावरण में मिलेगा आश्रय।
तस्वीर में दिख रही एम्बुलेंस के सामने खड़े समिति के सदस्य।
बारां शहर के अस्पताल रोड पर लंबे समय से लावारिस हालत में रह रही एक वृद्ध माँ को गुरुवार को स्व. श्री ओमप्रकाश व्यास मानव सेवार्थ समिति बारां (चेरिटेबल) के सदस्यों ने रेस्क्यू कर अपना घर आश्रम, कोटा पहुँचाया। अब माँ को अपना घर आश्रम में सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण में जीवन-यापन के लिए आश्रय मिल सकेगा।
समिति के प्रवक्ता दिनेश शर्मा ने बताया कि समिति अध्यक्ष अंशुल व्यास को बुधवार रात्रि दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली थी कि अस्पताल रोड क्षेत्र में एक माँ काफी समय से लावारिस अवस्था में रह रही हैं। आसपास के लोग अपने स्तर पर उनका भरण-पोषण कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि रात्रि के समय माँ कई बार जोर-जोर से रोती थीं, जिससे उनकी स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई थी।
सूचना मिलने के बाद समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपना घर आश्रम की टीम से संपर्क किया। गुरुवार को समिति सदस्यों एवं आश्रम की टीम मौके पर पहुँची और माँ का रेस्क्यू किया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद उन्हें सुरक्षित रूप से अपना घर आश्रम, कोटा पहुँचाया गया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि किसी असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्ति को केवल भोजन उपलब्ध कराना ही सेवा नहीं है, बल्कि उसे सुरक्षित आश्रय, सम्मान और अपनत्व का वातावरण उपलब्ध कराना भी समाज की जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ समिति ने माँ को बेहतर जीवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य किया।
समिति ने आसपास के नागरिकों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने माँ की स्थिति को देखते हुए लंबे समय तक अपने स्तर पर उनके भोजन एवं आवश्यकताओं का ध्यान रखा और समय रहते समिति तक सूचना पहुँचाई।
इस अवसर पर मंडी अध्यक्ष मनीष लश्करी, संस्था धर्मादा संचालक सदस्य निशांत सेठी, अंशुल व्यास, दीपेश गर्ग, दिनेश शर्मा, मोनू गुर्जर, जस्सू नागर, मनोज शर्मा, शशांक शर्मा, मनीष वर्मा सहित समिति के सदस्य एवं सेवासाथी मौजूद रहे।
समिति प्रवक्ता दिनेश शर्मा ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि समाज में कोई भी असहाय व्यक्ति स्वयं को अकेला महसूस न करे। जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाने के लिए समिति आगे भी इसी प्रकार सेवा कार्य निरंतर जारी रखेगी