तस्वीर में बारां में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि और नेता जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं.   

बारां। कांग्रेस एवं कांग्रेस समर्थित पार्षदों तथा उनके परिजनों पर पुलिस और प्रशासन के माध्यम से दबाव बनाए जाने के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने महामहिम राज्यपाल के नाम यह ज्ञापन दिया।

जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री कैलाष जैन ने बताया कि ज्ञापन में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी से प्राप्त सूचनाओं का हवाला देते हुए कहा गया है कि भाजपा सरकार द्वारा पुलिस एवं प्रशासन का दुरुपयोग कर कांग्रेस एवं कांग्रेस समर्थित पार्षदों को भाजपा के खेमे में शामिल करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। कांग्रेस कमेटी ने इन आरोपों को लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्र चुनावी प्रक्रिया से जुड़ा विषय बताते हुए पुलिस एवं प्रशासन से निष्पक्ष तथा कानूनसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी बारां ने जिला पुलिस अधीक्षक के समक्ष मांग रखी कि कांग्रेस एवं कांग्रेस समर्थित पार्षदों तथा उनके परिजनों पर किसी भी प्रकार का अनुचित दबाव या उत्पीड़न तत्काल बंद किया जाए। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सरकारी मशीनरी का राजनीतिक उद्देश्य से दुरुपयोग नहीं किया जाए। पार्षदों एवं उनके परिजनों के संबंध में होने वाली किसी भी पुलिस कार्यवाही में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन में लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की रक्षा करने तथा पुलिस एवं प्रशासन के दुरुपयोग से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग भी की गई।

जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला पुलिस अधीक्षक से ज्ञापन में उल्लेखित बिंदुओं पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया। साथ ही कांग्रेस एवं कांग्रेस समर्थित पार्षदों तथा उनके परिजनों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की अनुचित दबावपूर्ण कार्रवाई रोकने और प्रशासनिक कार्यवाही को निष्पक्ष बनाए रखने की मांग की गई।

कांग्रेस कमेटी ने लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष प्रशासन और कानून के शासन को सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की।

ज्ञापन देने वालों में बारां-अटरू के पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल, किशनगंज की पूर्व विधायक श्रीमती निर्मला सहरिया, वरिष्ठ कांग्रेसी घनश्याम नागर, मिसाई ब्लॉक अध्यक्ष किशनगंज अजीज नाजा, सेवादल के प्रदेश महासचिव अशरफ देशवाली, अंता नगर अध्यक्ष ललित गालव, विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष लालसिंह मारन, पूर्व पार्षद राजेन्द्र कलवार, पार्षद मुर्तजा अंसारी व अरविन्द गालव सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

बारां में हालिया नगरीय निकाय चुनाव के बाद राजनीतिक गतिविधियां जारी हैं; 14 सितंबर को घोषित परिणाम में बारां नगर परिषद की 60 सीटों में आम आदमी पार्टी ने 31, कांग्रेस ने 18 और भाजपा ने 9 सीटें जीती थीं।

Tags: