तस्वीर में दिख रहे ग्रामीण और छात्र छीपाबड़ौद के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के समीप प्रदर्शन कर रहे हैं।

अमलावदा आली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के समीप संचालित शराब के ठेके को लेकर छात्राओं और विद्यालय स्टाफ की सुरक्षा का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शराब के नशे में कुछ असामाजिक तत्व विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं और अशोभनीय इशारे करते हैं, जिससे छात्राओं में भय का माहौल बना हुआ है।

इस संबंध में प्रार्थी हंसराज नागर ने पुलिस थाना छीपाबड़ौद में रिपोर्ट प्रस्तुत कर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थी की रिपोर्ट के अनुसार, 16 सितंबर को एक व्यक्ति द्वारा चार पहिया वाहन विद्यालय परिसर में लाने को लेकर विद्यालय स्टाफ से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग विद्यालय पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी।

प्रार्थी ने 17 सितंबर को अपनी पुत्री के साथ विद्यालय परिसर में अभद्र व्यवहार एवं मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है। प्रार्थी के अनुसार, घटना के समय विद्यालय की छात्राएं एवं स्टाफ मौके पर मौजूद थे।

घटना के बाद विद्यालय परिसर में भय का वातावरण होने की बात सामने आई है। छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों ने चिंता जताते हुए विद्यालय के समीप संचालित शराब के ठेके की स्थिति की जांच कराने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

ओम अमलावदा ने कहा कि पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कर आरोपित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने तथा विद्यालय की छात्राओं एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही उनकी तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags: