अमरावती: मोर्शी में बाइक बैरिकेड से टकराई, फार्मासिस्ट की मौत
चिखलदरा से लौटते समय निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के बैरिकेड से टकराने से एमपीएससी की तैयारी कर रहे 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
अमरावती के मोर्शी में खेड फाटा पास ओवरब्रिज बैरिकेड से टकराकर युवक की मौत के बाद पहुंची पुलिस।
अमरावती। मोर्शी-चांदूरबाजार महामार्ग पर खेड फाटा स्थित रेलवे गेट क्रमांक 27 के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के लिए लगाए गए बैरिकेड से बाइक टकराने पर 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अमोल आनंदराव फुलाते के रूप में हुई है। वह मोर्शी के निकट सिंबोरा रोड स्थित खुले कारागृह में पोस्ट फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, घटना के दिन अमोल फुलाते अपने दोस्तों के साथ चिखलदरा घूमने गए थे। वहां से वापस लौटते समय खेड फाटा स्थित रेलवे गेट क्रमांक 27 के पास उनकी बाइक निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के काम के लिए लगाए गए बैरिकेड से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमोल फुलाते की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही मोर्शी और शिरखेड पुलिस स्टेशन की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद मृतक अमोल का शव पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल, मोर्शी भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच मोर्शी पुलिस की ओर से शुरू कर दी गई है।
अमोल फुलाते नौकरी के साथ-साथ एमपीएससी की पढ़ाई भी कर रहे थे। वह बड़े पद पर पहुंचने की तैयारी में जुटे थे, लेकिन सड़क हादसे में उनकी अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। बेहतर भविष्य के सपने संजो रहे 27 वर्षीय युवक की असमय मौत से परिवार और परिचितों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।