वाशिम में आबकारी विभाग द्वारा जप्त की गई अवैध नकली शराब और गिरफ्तार आरोपी।   

महाराष्ट्र के वाशिम में राज्य आबकारी विभाग के उड़न दस्ते ने नकली देशी और विदेशी शराब के अवैध भंडार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2,82,610 रुपये का माल जब्त किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई अडोली से कुंभारखेड रोड और टो, तहसील व जिला वाशिम के खेतों में अवैध रूप से नकली विदेशी शराब की ढुलाई किए जाने की गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।

राज्य आबकारी आयुक्त डॉ. राजेश देशमुख (मुंबई), सह आयुक्त प्रसाद सुर्वे, अमरावती विभाग के विभागीय उप आयुक्त डॉ. पराग नवलकर और प्रभारी अधीक्षक सीमा झावरे के मार्गदर्शन में उड़न दस्ते ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।

महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम, 1949 के तहत की गई जांच के दौरान नकली शराब की 20 पेटियां बरामद हुईं। जब्त किए गए माल में 180 मिलीलीटर क्षमता वाली रॉयल स्टैग व्हिस्की की 329 बोतलें, 180 मिलीलीटर क्षमता वाली इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की की 138 नकली सीलबंद बोतलें और 90 मिलीलीटर क्षमता वाली नकली देशी शराब भिंगरी संतरा की 1,000 बोतलें शामिल हैं। जब्त किए गए पूरे माल का मूल्य 2,82,610 रुपये बताया गया है।

इस मामले में टो, तहसील व जिला वाशिम निवासी वैभव बबन काकडे (27), अमोल प्रल्हाद काकडे (26) और रवि माणिक काकडे (31) को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों को वाशिम के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां उन्हें 23 अक्टूबर 2026 तक पुलिस हिरासत (पीसीआर) में रखने की मंजूरी दी गई।

इस कार्रवाई में वाशिम उड़न दस्ते के निरीक्षक एम. के. उईके, एम. एस. जाधव और आर. पी. मनवर (द्वितीय निरीक्षक) के साथ जवान निवृत्ति तिडके, नितीन चिपडे, स्वप्नील लांडे, विष्णु मस्के, बालू वाघमारे, गोपाल इंगले, गणेश नानोटे, निकेश घुले, महिला जवान वैष्णवी सारघोडे और वाहन चालक गणेश सपकाल शामिल रहे। मामले की आगे की जांच निरीक्षक मधुकर उईके कर रहे हैं।

इस बीच, राज्य आबकारी विभाग के वाशिम उड़न दस्ते के निरीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें बिना लाइसेंस शराब रखने, उसका परिवहन करने या बिक्री किए जाने की जानकारी मिलती है, तो वे विभाग को सूचित करें। विभाग की इस कार्रवाई में नकली देशी और विदेशी शराब का बड़ा भंडार जब्त होने के साथ ही तीन आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई है।

Tags: