उत्तराखंड में 7 हजार परिवारों को स्वरोजगार के लिए मिलेगी आर्थिक मदद
| ग्राम सभा के चयन पर व्यक्तिगत को 35 हजार और समूहों को 1.20 लाख रुपये तक की सहायता वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों की 519 ग्राम पंचायतों में दी जाएगी।
उत्तराखंड में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जलागम विभाग ने विशेष पहल की है। उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के तहत परियोजना क्षेत्र के 7 हजार परिवारों को स्वरोजगार विकसित करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि यह सहायता ग्राम पंचायत स्तर पर व्यक्तिगत और सामूहिक दोनों श्रेणियों में दी जा रही है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना का मूल उद्देश्य वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों में कृषि-औद्यानिकी को बढ़ावा देना और ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन को कम करना है। परियोजना के उद्देश्यों के साथ समाज के कमजोर वर्गों को स्वरोजगार के क्षेत्र में आर्थिक सहयोग देने की पहल भी जोड़ी गई है, ताकि जरूरतमंद परिवार अपनी आजीविका के साधन विकसित कर सकें।
योजना के तहत व्यक्तिगत लाभार्थियों को 35 हजार रुपये और समूहों को अधिकतम 1 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। व्यक्तिगत लाभार्थी इस राशि से मधुमक्खी पालन, प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन, मुर्गी पालन, बकरी पालन और घराट संचालन जैसे स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं। वहीं, समूहों को बैंड पार्टी, टेंट हाउस, फल संरक्षण, अचार निर्माण और मछली पालन जैसे व्यवसायों के लिए सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। कई ग्रामीण इस योजना का लाभ भी प्राप्त कर चुके हैं।
योजना के लाभार्थियों का चयन ग्राम सभा की खुली बैठक में आर्थिक वर्गीकरण के आधार पर किया जाता है। इससे पात्र परिवारों को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना नैनीताल, अल्मोड़ा, उधमसिंहनगर, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिले के 15 ब्लॉकों की 519 ग्राम पंचायतों में संचालित की जा रही है। इन क्षेत्रों में परियोजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि परियोजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्वरोजगार के मजबूत होने से परिवार के आर्थिक उत्थान की महत्वपूर्ण नींव तैयार होती है। उन्होंने सभी चयनित लाभार्थियों को जल्द से जल्द आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। परियोजना के तहत 7 हजार परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आजीविका के साधनों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।