योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
| उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए बाबा केदार से प्रार्थना की और इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन से शोक की लहर है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। मां का निधन किसी भी परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि दुःख की इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त करते हुए इस असहनीय पीड़ा में धैर्य बनाए रखने की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदार से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा श्रीमती सावित्री देवी को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें।